MP : CM डॉ. मोहन यादव को दुबई में एनुअल इन्वेस्टमेंट मीटिंग का मिला न्योता, निवेश और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी पर रहेगा फोकस
भोपाल। मध्यप्रदेश को वैश्विक निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की कोशिश अब अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंच गई है। ग्लोबल फाउंडेशन दुबई के प्रेसिडेंट डॉ. दाऊद अल शेजावी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर उन्हें 7 से 9 सितंबर 2026 तक दुबई में आयोजित होने वाली Annual Investment Meeting Congress (AIM Congress) 2026 में शामिल होने का आमंत्रण दिया। इस आयोजन को मध्यप्रदेश के लिए दुनिया के बड़े निवेशकों और औद्योगिक समूहों के सामने अपनी क्षमताएं प्रस्तुत करने के महत्वपूर्ण अवसर के तौर पर देखा जा रहा है।
निवेश के लिए तैयार हो रहा मध्यप्रदेश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बीते ढाई वर्षों में निवेश को बढ़ावा देने के लिए कई नीतिगत कदम उठा चुकी है। इंडस्ट्रियल पॉलिसी, लैंड बैंक, सिंगल विंडो सिस्टम और सेक्टर आधारित निवेश नीतियों के जरिए उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने पर जोर दिया गया है। इसके अलावा रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट जैसे आयोजनों के माध्यम से मध्यप्रदेश को देश और दुनिया के निवेशकों से जोड़ने की लगातार कोशिश की गई है।
'रीशेपिंग ग्लोबल प्रॉस्पेरिटी' होगी AIM Congress की थीम
समत्व भवन में हुई मुलाकात के दौरान डॉ. दाऊद अल शेजावी ने AIM Congress 2026 की थीम की जानकारी भी दी। इस बार आयोजन की थीम 'Reshaping Global Prosperity: Unlocking New Investment Pathways Towards a Sustainable and Inclusive Future' रखी गई है। सम्मेलन में सतत निवेश, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, आर्थिक विविधता और तेजी से उभरते बाजारों जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
180 देशों के प्रतिनिधियों के सामने MP की ताकत
AIM Congress के पिछले आयोजन में करीब 180 देशों के 15 हजार प्रतिनिधियों की भागीदारी रही थी। ऐसे में दुबई का यह मंच मध्यप्रदेश को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने अपनी औद्योगिक और आर्थिक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर देगा। प्रदेश की ओर से मैन्युफैक्चरिंग, रिन्यूएबल एनर्जी, लॉजिस्टिक्स, IT/ITES, टेक्सटाइल, फूड प्रोसेसिंग, पर्यटन और नई तकनीकों में मौजूद संभावनाओं को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जा सकता है।
B2B और B2G संवाद से निवेश की संभावनाएं
दुबई में होने वाले आयोजन के दौरान मध्यप्रदेश को बड़े निवेशकों और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के साथ सीधे संवाद का अवसर मिलेगा। B2B और B2G बैठकों के जरिए संभावित निवेश परियोजनाओं, औद्योगिक साझेदारियों और तकनीकी सहयोग पर बातचीत हो सकती है। इससे प्रदेश में नई परियोजनाओं के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के साथ दीर्घकालिक साझेदारी की संभावनाएं भी मजबूत होने की उम्मीद है।
रोजगार और औद्योगिक विकास को मिल सकती है नई रफ्तार
सरकार का मानना है कि वैश्विक निवेश आने से प्रदेश में नए उद्योग और परियोजनाएं स्थापित होंगी, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स, टेक्नोलॉजी और पर्यटन जैसे क्षेत्रों को भी नई गति मिल सकती है। दुबई में मध्यप्रदेश की सक्रिय भागीदारी प्रदेश को वैश्विक निवेश मानचित्र पर और मजबूत पहचान दिलाने की दिशा में अहम कदम साबित हो सकती है।
अधिकारियों की मौजूदगी में हुई मुलाकात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और डॉ. दाऊद अल शेजावी की मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री कार्यालय के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई और MPIDC के एमडी चंद्रमौली शुक्ला भी मौजूद रहे। AIM Congress 2026 के निमंत्रण को मध्यप्रदेश के बढ़ते वैश्विक निवेश संपर्कों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।