रायपुर छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में बटन दबाकर योजना की 22वीं किस्त जारी की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह योजना माताओं और बहनों के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में बताया कि छत्तीसगढ़ की महिलाएँ परिवार और समाज की उन्नति की मजबूत नींव हैं, इसलिए उनका सशक्तिकरण राज्य की प्रगति के लिए अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से हर माह सीधे बैंक खातों में की जाने वाली डीबीटी राशि से लाभार्थियों को न केवल आर्थिक सहायता मिल रही है, बल्कि यह परिवार की पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

सीएम ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र महिला इस योजना के लाभ से वंचित न रहे, और इसके लिए पूरी पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ राशि का अंतरण सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महतारी वंदन योजना आने वाले समय में लाखों परिवारों के जीवन स्तर में स्थायी सकारात्मक बदलाव लाएगी और प्रदेश के विकास को नई दिशा देगी।

गौरतलब है कि 1 मार्च 2024 से शुरू हुई इस योजना के तहत अब तक 21 किस्तों में 13,671.68 करोड़ रुपये हितग्राही महिलाओं को प्रदान किए जा चुके हैं। इस माह 67,78,674 महिलाओं के खातों में राशि अंतरित की गई है, जिनमें से 67,71,012 हितग्राहियों को 633.89 करोड़ रुपये और नयड नेल्ला नार क्षेत्र की 7,662 महिलाओं को 76.30 लाख रुपये प्रदान किए गए। इस प्रकार 22वीं किस्त के अंतर्गत कुल 634.65 करोड़ रुपये की राशि महिलाओं को उपलब्ध कराई गई।

Tags: