Rajasthan News : झुंझुनूं। राजस्थान के झुंझुनूं जिले के छापोली गांव में सड़क निर्माण के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। यहां 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, छापोली गांव में कदम कुंड की ओर जाने वाले रास्ते पर सड़क निर्माण का काम चल रहा था। इस दौरान सड़क निर्माण में इस्तेमाल की जा रही रोड़ी मिलाने वाली मशीन ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। हाईटेंशन लाइन का करंट मशीन में फैलते ही वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।

करंट का झटका इतना तेज था कि आठ मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। एक साथ आठ मजदूरों की मौत से मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

इस घटना ने सड़क निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें लापरवाही किस स्तर पर हुई, इसकी जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी।

Tags: