Iran-Donald Trump: ईरान को ट्रंप की सख्त चेतावनी, कहा- अगर मेरी हत्या हुई तो होगा बड़ा सैन्य हमला, '1000 मिसाइलें लॉक्ड एंड लोडेड'
Iran-Donald Trump: नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर ईरान उनकी हत्या करने में सफल होता है, तो अमेरिका बड़े पैमाने पर सैन्य कार्रवाई करेगा। ट्रंप ने कहा कि इसके लिए पहले ही जरूरी निर्देश दिए जा चुके हैं।
ट्रंप का बयान
द न्यूयॉर्क पोस्ट से बातचीत में ट्रंप ने कहा, "मैं काफी लंबे समय से उनकी सूची में हूं। हम इस स्थिति से निपट रहे हैं।" उन्होंने आगे कहा, "बस एक बात है, मैंने निर्देश दे दिए हैं कि अगर मेरे साथ कुछ भी होता है, तो सचमुच उन पर ऐसे स्तर पर बमबारी की जाए, जैसा उन्होंने पहले कभी नहीं देखी होगी।"
सोशल मीडिया पर भी दी चेतावनी
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि अगर ईरान उनकी हत्या की कोशिश करता है, तो 1,000 मिसाइलें दागने के आदेश पहले ही दिए जा चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि इसके बाद हजारों और मिसाइलें दागी जाएंगी और अमेरिकी सेना एक साल तक लगातार हमला करने की क्षमता रखती है।
ईरान पर लगाया बड़ा आरोप
ट्रंप ने दावा किया कि ईरान कई वर्षों से उनकी हत्या करना चाहता है और वह लंबे समय से उसकी "हिट लिस्ट" में शामिल हैं। हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि क्या इजरायल ने इस संबंध में कोई खुफिया जानकारी दी है, तो उन्होंने कहा कि उन्हें इजरायल से ऐसी कोई सूचना नहीं मिली है।
बढ़ा हुआ है दोनों देशों के बीच तनाव
मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि इजरायल ने अमेरिका के साथ ऐसी खुफिया जानकारी साझा की है, जिसमें ईरान द्वारा ट्रंप के खिलाफ साजिश रचने की बात कही गई है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इस बीच अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बना हुआ है और दोनों देशों के रिश्तों पर दुनिया की नजर है।