नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच जहां कच्चे तेल की कीमतों पर पूरी दुनिया की नजर है, वहीं नाइजीरिया में तेल चोरी की कोशिश जानलेवा साबित हुई। दक्षिणी नाइजीरिया के रिवर्स राज्य में कम से कम 37 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ये लोग एक पाइपलाइन से कच्चा तेल निकालने की कोशिश कर रहे थे।

गैस लीक होने से हुआ हादसा

मानवाधिकार और पर्यावरण समूहों के मुताबिक, लोग एक अवैध टैपिंग पॉइंट के जरिए अपनी नावों में क्रूड ऑयल भर रहे थे। इसी दौरान पाइपलाइन से तेज दबाव में जहरीली गैस लीक हो गई। गैस के संपर्क में आने से कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कुछ लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

पाइपलाइन में की गई थी सेंधमारी

रिपोर्ट के अनुसार, इंडोरामा-एलेमे पेट्रोकेमिकल क्षेत्र से तेल पाइपलाइन के जरिए हार्कोर्ट रिफाइनरी और आगे निर्यात के लिए भेजा जाता है। इसी पाइपलाइन में अवैध तरीके से सेंध लगाकर तेल को जहाजों की जगह नावों की ओर मोड़ने की कोशिश की गई थी।

पुलिस ने मौतों की पुष्टि की

रिवर्स राज्य पुलिस ने घटना में मौतों की पुष्टि की है, लेकिन मृतकों की सटीक संख्या नहीं बताई। पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि संवेदनशील पाइपलाइन तक लोगों की पहुंच कैसे हुई।

नाइजर डेल्टा में तेल चोरी पुरानी समस्या

नाइजर डेल्टा नाइजीरिया का प्रमुख तेल उत्पादक क्षेत्र है। यहां लंबे समय से पाइपलाइन में अवैध सेंधमारी और तेल चोरी की घटनाएं होती रही हैं। इससे हादसों के साथ-साथ पर्यावरण को भी भारी नुकसान पहुंचता है। स्थानीय संगठनों का कहना है कि तेल संपदा के बावजूद क्षेत्र में गरीबी बनी हुई है।

Tags: