Scripps National Spelling Bee 2026: नई दिल्ली: कैलिफोर्निया के 14 वर्षीय भारतीय मूल के छात्र श्रेय पारिख ने प्रतिष्ठित स्क्रिप्स नेशनल स्पेलिंग बी 2026 प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया है। फाइनल के रोमांचक स्पेल-ऑफ राउंड में श्रेय ने न्यू जर्सी के ईशान गुप्ता को हराकर जीत हासिल की। 90 सेकंड के टाईब्रेकर राउंड में श्रेय पारिख ने 32 शब्दों की सही स्पेलिंग बताकर नया रिकॉर्ड बनाया, जबकि ईशान गुप्ता 25 शब्द ही सही बता सके। शानदार प्रदर्शन के दम पर श्रेय को विजेता घोषित किया गया।


श्रेय पारिख पहले भी इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले चुके हैं। साल 2022 में वह 89वें स्थान पर रहे थे, जबकि 2024 में तीसरे स्थान तक पहुंचे थे। वहीं 2025 में बुखार के कारण वह क्वालिफाइंग राउंड पार नहीं कर सके थे। हालांकि इस बार उन्होंने शानदार वापसी करते हुए खिताब जीत लिया। इस जीत के साथ श्रेय को 50 हजार अमेरिकी डॉलर यानी करीब 41.5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। इसके अलावा उन्हें स्क्रिप्स कप, स्मारक पदक और अन्य पुरस्कार भी मिले। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में अमेरिका समेत कई देशों के 247 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। स्क्रिप्स नेशनल स्पेलिंग बी दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित स्पेलिंग प्रतियोगिताओं में गिनी जाती है, जिसमें केवल आठवीं कक्षा तक के छात्र भाग ले सकते हैं।

Tags: