NEET UG 2026 पुनर्परीक्षा की तैयारियों को लेकर हाई लेवल मीटिंग, केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

By :  Vpb
Update: 2026-05-19 15:34 GMT

NEET UG 2026 : नई दिल्ली: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मंगलवार को NEET UG 2026 पुनर्परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को परीक्षा को पूरी तरह सुरक्षित, पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पिछली परीक्षा में सामने आई कमियों को पूरी तरह दूर किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।

समीक्षा बैठक में मंत्री ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों को जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षकों के साथ समन्वय बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि परीक्षा केंद्रों की निगरानी प्रभावी ढंग से की जा सके। छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों पर परिवहन, पीने के पानी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

गौरतलब है कि 3 मई को आयोजित NEET UG परीक्षा को पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोपों के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने रद्द कर दिया था। अब पुनर्परीक्षा 21 जून 2026 को देशभर में पेन-एंड-पेपर मोड में आयोजित की जाएगी। एनटीए ने उम्मीदवारों को 21 मई तक परीक्षा शहर बदलने की सुविधा भी दी है। छात्र पहले और दूसरे पसंदीदा शहर का चयन कर सकेंगे। साथ ही, रद्द हुई परीक्षा की फीस वापस की जाएगी और पुनर्परीक्षा के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। एजेंसी ने यह भी घोषणा की है कि अगले वर्ष से NEET UG परीक्षा कंप्यूटर आधारित (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी।

Tags:    

Similar News