IND vs AFG Gurbaz credit Gambhir: भारत में भारत के खिलाफ शतक, गुरबाज ने गौतम गंभीर को दिया क्रेडिट, बनाए कई रिकॉर्ड

By :  Vpb
Update: 2026-06-14 10:22 GMT

IND vs AFG Gurbaz credit Gambhir: नई दिल्ली: अफगानिस्तान के सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज ने भारत के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 51 गेंदों में 102 रन की शानदार पारी खेली। अपनी इस यादगार पारी के दौरान उन्होंने आठ चौके और आठ छक्के लगाए तथा केवल 48 गेंदों में शतक पूरा कर कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। हालांकि उनकी यह पारी अफगानिस्तान को जीत नहीं दिला सकी।

एक शतक से बने कई रिकॉर्ड

गुरबाज ने अपने वनडे करियर का नौवां शतक लगाया। इसके साथ ही उन्होंने अफगानिस्तान के लिए सबसे तेज वनडे शतक का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड मोहम्मद शहजाद के नाम था, जिन्होंने 72 गेंदों में शतक लगाया था। विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में यह उनका सातवां वनडे शतक रहा, जो 25 वर्ष से कम उम्र के खिलाड़ियों में क्विंटन डिकॉक के बाद दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

गौतम गंभीर को दिया क्रेडिट

गुरबाज ने कहा, "भारत के खिलाफ टेस्ट मैच के बाद मेरी गौतम गंभीर सर के साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई थी। उस चर्चा से मुझे सच में मदद मिली। मैंने नेट्स में उन सुझावों पर काम किया और मैं उस मार्गदर्शन के लिए बहुत आभारी हूं। जब टेस्ट मैच खत्म हुआ, तो मैंने उनसे कहा कि मैं अपने शॉट चयन को बेहतर बनाना चाहता हूं। उन्होंने कुछ अच्छे सुझाव दिए और मैं उन्हें लागू कर पाया। मैंने बस सकारात्मक खेलने की कोशिश की और यह मेरे लिए कारगर रहा।"

भारत ने जीता मुकाबला

गुरबाज की शतकीय पारी के बावजूद अफगानिस्तान की टीम 24.5 ओवर में 194 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से डेब्यू करने वाले गुरनूर बरार और हर्ष दुबे ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि अर्शदीप सिंह ने दो विकेट झटके। जवाब में भारतीय टीम ने 22.5 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली।

Tags:    

Similar News