Glen Maxwell Retirement: नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने वनडे क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। हालांकि, वे टी20 प्रारूप में खेलना जारी रखेंगे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अनुसार, मैक्सवेल ने 2026 टी20 विश्व कप की तैयारियों के लिए यह फैसला लिया है।

मैक्सवेल ने 2012 में वनडे करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने 149 वनडे मैचों में ऑस्ट्रेलिया के लिए 3990 रन बनाए और 5.46 की इकोनॉमी रेट से 77 विकेट लिए। वे 2015 और 2023 की विश्व कप विजेता ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा रहे। उनके नाम इस प्रारूप में चार शतक और 23 अर्धशतक हैं। मैक्सवेल ने 2023 विश्व कप में अफगानिस्तान के खिलाफ 201* रन की ऐतिहासिक पारी खेली, जो उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी मानी जाती है। गेंदबाजी में भी उन्होंने चार बार चार विकेट लिए, जबकि फील्डिंग में उनके नाम 91 कैच दर्ज हैं।

संन्यास पर मैक्सवेल ने कहा, "मुझे याद है कि मुझे अप्रत्याशित रूप से जल्दी चुना गया था। ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलना मेरे लिए गर्व की बात है। मैंने उतार-चढ़ाव देखे, टीम से बाहर हुआ, वापसी की और विश्व कप जीतने वाली शानदार टीमों का हिस्सा बना।" मैक्सवेल अब टी20 में अपनी प्रतिभा दिखाने पर ध्यान केंद्रित करेंगे, और फैंस उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी का इंतजार कर रहे हैं।



Tags: