Ghaziabad: शिप्रा सृष्टि सोसाइटी में 14वीं मंजिल पर लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी

By :  Vpb
Update: 2026-05-26 13:32 GMT

Ghaziabad: गाजियाबाद: गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित शिप्रा सृष्टि सोसायटी में मंगलवार शाम एक ऊंची इमारत के फ्लैट में भीषण आग लग गई। आग अहिंसा खंड-1 इलाके में स्थित बिल्डिंग की ऊपरी मंजिल पर लगी, जिसके बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने बालकनी से उठती तेज लपटें और काला धुआं देखा तो तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। अधिकारियों के अनुसार हादसे के समय फ्लैट बंद था और अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि सोसायटी का फायर सिस्टम चालू हालत में था, जिसकी मदद से आग बुझाने में आसानी हुई। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। गौरतलब है कि कुछ समय पहले भी इंदिरापुरम की एक अन्य सोसायटी में इसी तरह आग लगने की घटना सामने आई थी, जिससे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

Tags:    

Similar News