Vijay-Sangeetha : थलपति विजय और संगीता के रिश्ते में आई नई शुरुआत, नहीं होगा तलाक, पत्नी ने वापस लिया केस

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और अभिनेता से राजनेता बने थलपति विजय की निजी जिंदगी से जुड़ा चर्चित तलाक मामला अब समाप्त हो गया है।

Update: 2026-08-07 14:25 GMT

चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और अभिनेता से राजनेता बने थलपति विजय की निजी जिंदगी से जुड़ा चर्चित तलाक मामला अब समाप्त हो गया है। उनकी पत्नी संगीता ने चेंगलपट्टू कोर्ट में दायर अपनी तलाक याचिका वापस ले ली है। इसके बाद अदालत ने इस मामले को औपचारिक रूप से बंद कर दिया। पिछले साल दिसंबर में दायर इस याचिका ने लंबे समय तक सुर्खियां बटोरी थीं, लेकिन अब दोनों के बीच कानूनी विवाद खत्म हो गया है।

27 साल पुराने रिश्ते को मिला नया मौका

विजय और संगीता की शादी वर्ष 1999 में हुई थी। करीब 27 साल पुराने इस रिश्ते में मतभेद की खबरें सामने आने के बाद तलाक की अर्जी दाखिल की गई थी। हालांकि, लगभग आठ महीने बाद संगीता ने अपना फैसला बदलते हुए याचिका वापस ले ली। इस घटनाक्रम के बाद दोनों के वैवाहिक रिश्ते को एक नई शुरुआत मिलने की चर्चा तेज हो गई है।

दो बच्चों का है परिवार

विजय और संगीता दो बच्चों के माता-पिता हैं। उनके बेटे जेसन संजय फिल्म इंडस्ट्री में निर्देशक के रूप में अपनी पहचान बना रहे हैं, जबकि बेटी दिव्या अपनी पढ़ाई और निजी जीवन पर ध्यान दे रही हैं। परिवार हमेशा से लाइमलाइट में रहा है और इस मामले पर भी लोगों की नजर बनी हुई थी।

राजनीति में सक्रिय हैं थलपति विजय

थलपति विजय ने इस वर्ष सक्रिय राजनीति में प्रवेश किया और अपनी पार्टी के नेतृत्व में चुनाव जीतकर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बने। राजनीति में पूरी तरह सक्रिय होने के बाद उन्होंने फिल्मों से दूरी बना ली है। मुख्यमंत्री बनने के बाद उनका पूरा ध्यान अब राज्य के प्रशासन और जनसेवा पर केंद्रित है। वहीं, तलाक का मामला खत्म होने के बाद उनकी निजी जिंदगी को लेकर चल रही अटकलों पर भी विराम लग गया है।

Tags:    

Similar News