Sai Pallavi Sita Role: नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ में माता सीता की भूमिका निभा रहीं अभिनेत्री साई पल्लवी इन दिनों अपने किरदार को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म की रिलीज से पहले इसकी स्टारकास्ट प्रमोशन में जुटी है। इसी सिलसिले में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे अमिताभ बच्चन के क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में पहुंचे। यहां साई पल्लवी ने माता सीता का किरदार निभाने के अनुभव और इस भूमिका से मिली सीख के बारे में खुलकर बात की।

माता सीता का किरदार निभाना बड़ी जिम्मेदारी: साई पल्लवी

KBC के मंच पर अमिताभ बच्चन से बातचीत के दौरान साई पल्लवी ने बताया कि माता सीता का किरदार उनके लिए केवल अभिनय का अवसर नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है। इस भूमिका को सही तरीके से निभाने के लिए उन्होंने प्रार्थना का सहारा लिया। अभिनेत्री चाहती थीं कि किरदार की तैयारी और शूटिंग के दौरान आने वाली चुनौतियां दूर हों और वह पर्दे पर माता सीता की गरिमा को बनाए रख सकें।

‘रामायण’ को आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी

साई पल्लवी ने फिल्म के महत्व पर बात करते हुए कहा कि ‘रामायण’ सिर्फ मनोरंजन के उद्देश्य से बनाई जा रही फिल्म नहीं है। उनका मानना है कि इसकी कहानी और इससे जुड़ी भावनाएं आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचेंगी। अभिनेत्री के मुताबिक, यह एक ऐसी कहानी है जिसे भविष्य में भी लोग देखेंगे और याद रखेंगे। यही वजह है कि इस फिल्म का हिस्सा बनना उनके लिए खास अनुभव है।

माता सीता के किरदार ने सिखाया मुश्किल हालात में धैर्य रखना

अभिनेत्री ने बताया कि वह नियमित रूप से मेडिटेशन करती हैं। इससे उन्हें अपने विचारों को शांत रखने और परिस्थितियों को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलती है। माता सीता का किरदार निभाते हुए भी उन्होंने इस अभ्यास को जारी रखा। साई पल्लवी के मुताबिक, इस भूमिका से उन्हें यह सीख मिली कि तनावपूर्ण परिस्थितियों में तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय पहले ठहरकर स्थिति को समझना चाहिए। शूटिंग के दौरान जब भी कोई मुश्किल सामने आती, तो वह सोचती थीं कि ऐसी परिस्थिति में माता सीता किस तरह प्रतिक्रिया देतीं। यही अनुभव उनके लिए इस किरदार से मिली सबसे बड़ी सीख बन गया।

दो हिस्सों में रिलीज होगी नितेश तिवारी की ‘रामायण’

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ को दो भागों में रिलीज करने की योजना है। फिल्म के पहले भाग में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में दिखाई देंगे। पहले भाग की रिलीज दिवाली के मौके पर 5 नवंबर को निर्धारित बताई गई है, जबकि दूसरा भाग साल 2028 में रिलीज होने की उम्मीद है। फिल्म की स्टारकास्ट और रामायण की लोकप्रिय कथा को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है।

Tags: