ScreenX में आने वाली पहली इंडियन फिल्म बनेगी Ramayana, 4DX के 1300 थिएटर्स में होगी रिलीज

ScreenX के साथ ‘रामायण’ को 4DX में भी रिलीज किया जाएगा। 4DX थिएटर में विशेष मूविंग सीट्स और वातावरण से जुड़े इफेक्ट्स के जरिए दर्शकों को फिल्म के दृश्यों का ज्यादा immersive अनुभव दिया जाता है

Update: 2026-08-19 09:00 GMT

मुंबई। रणबीर कपूर स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ रिलीज से पहले ही एक नया रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में है। फिल्म को भारत के साथ दुनियाभर में बड़े स्तर पर रिलीज करने की योजना बनाई गई है। खास बात यह है कि ‘रामायण’ ScreenX फॉर्मेट में रिलीज होने वाली पहली भारतीय फिल्म होगी। इसके अलावा फिल्म को 4DX तकनीक के साथ भी सिनेमाघरों में उतारा जाएगा।

1300 से ज्यादा ScreenX और 4DX थिएटर्स में रिलीज की तैयारी

फिल्म के निर्माताओं ने CJ 4DPLEX के साथ साझेदारी की है। इस डील के तहत ‘रामायण’ को दुनियाभर के करीब 1300 ScreenX और 4DX थिएटर्स में रिलीज करने की तैयारी है। इससे फिल्म को सामान्य स्क्रीन के अलावा प्रीमियम थिएटर टेक्नोलॉजी के जरिए भी देखने का मौका मिलेगा।निर्माताओं का लक्ष्य सिर्फ बड़े पर्दे पर फिल्म दिखाना नहीं, बल्कि दर्शकों को इसकी भव्यता और एक्शन दृश्यों का ज्यादा प्रभावशाली अनुभव देना है।

क्या है ScreenX तकनीक?

ScreenX एक ऐसा थिएटर फॉर्मेट है, जिसमें फिल्म केवल सामने वाली स्क्रीन तक सीमित नहीं रहती। कुछ विशेष दृश्यों को स्क्रीन के दाएं और बाएं हिस्से तक फैलाया जाता है, जिससे दर्शकों का विजुअल अनुभव लगभग 270 डिग्री तक बढ़ जाता है।

हालांकि पूरी फिल्म को इस तरह नहीं दिखाया जाता। ‘रामायण’ में चुनिंदा बड़े और महत्वपूर्ण सीक्वेंस को ScreenX के लिए विशेष रूप से तैयार किए जाने की बात सामने आई है। इससे युद्ध, प्रकृति और बड़े पैमाने के विजुअल्स वाले दृश्यों का प्रभाव और ज्यादा बढ़ सकता है।

4DX में सिर्फ फिल्म नहीं, महसूस भी होगा अनुभव

ScreenX के साथ ‘रामायण’ को 4DX में भी रिलीज किया जाएगा। 4DX थिएटर में विशेष मूविंग सीट्स और वातावरण से जुड़े इफेक्ट्स के जरिए दर्शकों को फिल्म के दृश्यों का ज्यादा immersive अनुभव दिया जाता है।

सीन के अनुसार सीट मूवमेंट, वाइब्रेशन, हवा, पानी, रोशनी, खुशबू और अन्य इफेक्ट्स का इस्तेमाल किया जा सकता है। ‘रामायण’ के कुछ प्रमुख दृश्यों को इसी तकनीक को ध्यान में रखकर तैयार किए जाने की जानकारी दी गई है।

दिवाली पर सिनेमाघरों में आएगी ‘रामायण पार्ट 1’

फिल्म के पहले भाग को 8 नवंबर को भारत में रिलीज किए जाने की योजना है, जबकि ओवरसीज मार्केट में इसे 6 नवंबर से रिलीज करने की तैयारी बताई गई है। यानी अंतरराष्ट्रीय दर्शकों को फिल्म दो दिन पहले देखने का मौका मिल सकता है।

‘रामायण’ के दोनों भागों को बड़े बजट में तैयार किया जा रहा है और इसकी कहानी भारतीय महाकाव्य पर आधारित है। फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्रोडक्शन हाउस के तहत किया जा रहा है।

रणबीर कपूर से लेकर यश तक दमदार स्टारकास्ट

फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और सनी देओल भगवान हनुमान की भूमिका में नजर आएंगे। वहीं यश फिल्म में रावण का किरदार निभा रहे हैं। इसके अलावा रवि दुबे को लक्ष्मण की भूमिका में देखा जाएगा।

Tags:    

Similar News