Kumar Vishwas Jai Jai Ram Song: मनोरंजन डेस्क: नितेश तिवारी की अपकमिंग फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है। ट्रेलर के बाद अब फिल्म का पहला गाना ‘जय जय राम’ रिलीज हो गया है। गाने के बोल डॉ. कुमार विश्वास ने लिखे हैं। रिलीज के साथ ही यह गाना सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया है।

एआर रहमान के संगीत में अरिजीत-श्रेया की आवाज

‘जय जय राम’ के जरिए फिल्म के म्यूजिकल कैंपेन की शुरुआत हुई है। गाने को एआर रहमान ने संगीत दिया है, जबकि इसे अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने आवाज दी है। कुमार विश्वास के शब्दों और इन दोनों गायकों की आवाज ने गाने को खास बना दिया है।

रणबीर, साई पल्लवी और यश नजर आएंगे

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आएंगे। वहीं साई पल्लवी सीता, यश रावण और सनी देओल हनुमान के किरदार में दिखाई देंगे। फिल्म को बड़े स्तर पर तैयार किया जा रहा है।

कुमार विश्वास बोले- तीन शब्दों में पूरी प्रार्थना

गाने को लेकर कुमार विश्वास ने कहा कि ‘जय जय राम’ तीन सरल शब्द हैं, लेकिन इनमें पूरी प्रार्थना समाई है। उन्होंने कहा कि गीत लिखते समय उनका उद्देश्य श्रीराम का वर्णन करना नहीं था, क्योंकि उन्हें शब्दों में बांधा नहीं जा सकता। उन्होंने भक्त और भगवान के बीच के संबंध को शब्द देने की कोशिश की है।

भाषा को रखा आसान

कुमार विश्वास के मुताबिक, गाने की भाषा जानबूझकर सहज और सीधी रखी गई है। उनका प्रयास है कि लोग इसे केवल गाने के तौर पर न सुनें, बल्कि इसके भीतर अपनी प्रार्थना भी महसूस कर सकें।

बॉलीवुड में बढ़ रही कुमार विश्वास की मांग

‘जय जय राम’ के बाद कुमार विश्वास की गीतकार के तौर पर चर्चा फिर तेज हो गई है। इससे पहले वह ‘मिशन रानीगंज’ के गीत ‘जीतेंगे’ से भी फिल्मी संगीत का हिस्सा रह चुके हैं। जानकारी के मुताबिक, वह बॉलीवुड की दो अन्य फिल्मों के लिए गीत और संवाद लेखन पर भी काम कर रहे हैं।

Tags: