Jan Neta Box Office: 'जन नेता' की शानदार ओपनिंग, पहले दिन 78.27 करोड़ का किया कलेक्शन; तृषा कृष्णन ने थिएटर में देखा फिल्म

Update: 2026-07-24 09:35 GMT

Jan Neta Box Office: मुंबई। साउथ सुपरस्टार और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'जन नेता' 23 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। लंबे समय से इस फिल्म का इंतजार कर रहे प्रशंसकों ने रिलीज के पहले दिन ही इसे शानदार प्रतिक्रिया दी। शुरुआती बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के अनुसार फिल्म ने पहले दिन दुनियाभर में 78.27 करोड़ रुपये का कारोबार किया। हालांकि 100 करोड़ की ओपनिंग की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन इसके बावजूद फिल्म की शुरुआत बेहद मजबूत मानी जा रही है।

भारत में 41 करोड़ की कमाई, ओवरसीज में भी शानदार प्रदर्शन

प्रारंभिक रिपोर्टों के मुताबिक फिल्म ने भारत में पहले दिन लगभग 41 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जबकि ग्रॉस कलेक्शन करीब 48.27 करोड़ रुपये रहा। देशभर में फिल्म के 13 हजार से अधिक शो आयोजित किए गए और औसत ऑक्यूपेंसी करीब 41 प्रतिशत दर्ज की गई। विदेशों में भी फिल्म को शानदार रिस्पॉन्स मिला, जहां पहले दिन इसका कलेक्शन लगभग 30 करोड़ रुपये रहा। 300 से 500 करोड़ रुपये के अनुमानित बजट वाली इस फिल्म के लिए वीकेंड बेहद अहम माना जा रहा है।

कई बड़ी फिल्मों की ओपनिंग को छोड़ा पीछे

'जन नेता' ने पहले दिन की कमाई के मामले में कई चर्चित फिल्मों के शुरुआती रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। फिल्म ने 'महर्षि', 'बिगिल', 'टाइगर जिंदा है', 'पोन्नियिन सेल्वन-1', 'वीरा सिम्हा रेड्डी', 'छावा', 'चेन्नई एक्सप्रेस' और 'एक था टाइगर' जैसी फिल्मों की ओपनिंग से बेहतर प्रदर्शन किया। इससे साफ है कि थलपति विजय की लोकप्रियता का असर बॉक्स ऑफिस पर साफ दिखाई दे रहा है।

तृषा कृष्णन को थिएटर में फैंस ने घेरा

फिल्म रिलीज के पहले दिन अभिनेत्री तृषा कृष्णन भी अपनी मां उमा कृष्णन के साथ चेन्नई के एक थिएटर में फिल्म देखने पहुंचीं। शो खत्म होने के बाद जैसे ही वह बाहर निकलीं, बड़ी संख्या में मौजूद प्रशंसकों और मीडिया कर्मियों ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया। स्थिति कुछ समय के लिए अव्यवस्थित हो गई, जिसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने सुरक्षा घेरा बनाकर उन्हें सुरक्षित उनकी कार तक पहुंचाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीकेंड पर नजरें, आगे और बढ़ सकती है कमाई

फिल्म को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए ट्रेड विशेषज्ञों का मानना है कि वीकेंड के दौरान 'जन नेता' की कमाई में और तेजी आ सकती है। थलपति विजय, बॉबी देओल और पूजा हेगड़े जैसे सितारों से सजी यह फिल्म आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस पर मजबूत प्रदर्शन जारी रख सकती है।

Tags:    

Similar News