India’s Best Dancer 5 के ग्रैंड फिनाले में रायपुर के रितेश पाल ने जीती ट्रॉफी, लाखों का कैश प्राइज भी मिला, ये कंटेस्टेंट रहीं रनर अप
छत्तीसगढ़ के रायपुर के रहने वाले डांसर रितेश पाल ने डांस रियलिटी शो ‘इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5’ का खिताब अपने नाम कर लिया है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर के रहने वाले डांसर रितेश पाल ने डांस रियलिटी शो ‘इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5’ का खिताब अपने नाम कर लिया है। ग्रैंड फिनाले में शानदार परफॉर्मेंस देते हुए रितेश ने सभी प्रतियोगियों को पीछे छोड़कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। जीत के साथ उन्हें 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि भी मिली। रितेश ने यह उपलब्धि अपने कोरियोग्राफर प्रतीक उतेकर के मार्गदर्शन में हासिल की। उनकी इस जीत के बाद रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है।
कड़े मुकाबले के बाद रितेश ने मारी बाजी
‘इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5’ का फिनाले बेहद रोमांचक रहा। पूरे सीजन में शानदार प्रदर्शन करने वाले प्रतियोगियों के बीच ट्रॉफी के लिए कड़ी टक्कर देखने को मिली। रितेश पाल ने अपनी बेहतरीन डांस तकनीक, एनर्जी और अलग-अलग डांस फॉर्म में पकड़ के दम पर जजों और दर्शकों का दिल जीता। फिनाले में उन्होंने अंशिका धारा, प्रथमेश माने, दिपाली बोरकर और गीतांजलि मारवाह जैसे प्रतिभाशाली प्रतियोगियों को पीछे छोड़ते हुए खिताब हासिल किया।
अंशिका बनीं फर्स्ट रनर-अप, प्रथमेश को मिला दूसरा स्थान
फिनाले में अंशिका धारा ने फर्स्ट रनर-अप का स्थान हासिल किया। उन्हें पुरस्कार के तौर पर 3 लाख रुपये दिए गए। वहीं प्रथमेश माने सेकंड रनर-अप रहे और उन्हें 2 लाख रुपये की इनामी राशि मिली।
तीन बार बैटल ट्रॉफी जीतकर बनाई पहचान
रितेश पाल का शो में सफर काफी खास रहा। उन्होंने पूरे सीजन में अपनी लगातार शानदार परफॉर्मेंस से अलग पहचान बनाई। ‘इंडिया वाला डांस’ थीम के दौरान उन्होंने कई चुनौतियों को पार किया और अपनी डांसिंग क्षमता को साबित किया। कंटेंपरेरी डांस बैकग्राउंड से आने के बावजूद उन्होंने अलग-अलग डांस स्टाइल में अपनी प्रतिभा दिखाई। शो के दौरान रितेश ने तीन बार बैटल ट्रॉफी जीतकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की थी।
प्रतीक उतेकर के साथ जोड़ी ने जीता दिल
रितेश ने अपनी जीत का श्रेय कोरियोग्राफर प्रतीक उतेकर, जजों और दर्शकों के समर्थन को दिया। प्रतीक के मार्गदर्शन में रितेश ने हर हफ्ते अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाया और फिनाले तक अपनी जगह मजबूत रखी।
सितारों से सजी रही ग्रैंड फिनाले की शाम
‘इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5’ का ग्रैंड फिनाले कई बड़े सितारों की मौजूदगी से खास बना। शो में जज करिश्मा कपूर, जावेद जाफरी, गीता कपूर और टेरेंस लुईस ने प्रतियोगियों का उत्साह बढ़ाया। इसके अलावा अभिनेता जैकी श्रॉफ, सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया भी विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। सभी ने रितेश के प्रदर्शन और उनकी मेहनत की सराहना की।