Ramayana Movie Advance Booking: रिलीज से पहले 'रामायण' की 73 करोड़ की एडवांस बुकिंग, सीन लीक करने वालों के पाइरेटेड लिंक होंगे ब्लॉक
| Ramayana Movie Advance Booking रणबीर कपूर की रामायण की एडवांस बुकिंग 96 करोड़ रुपये पार। बॉम्बे हाईकोर्ट ने बिना अनुमति फिल्म के सीन रिकॉर्ड और ऑनलाइन लीक करने पर रोक लगाई।
मुंबई। रणबीर कपूर स्टारर फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर चर्चा में है। फिल्म की एडवांस बुकिंग पांच दिनों में 96 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है। इसी बीच बॉम्बे हाईकोर्ट ने फिल्म को अंतरिम कॉपीराइट सुरक्षा देते हुए बिना अनुमति उसके सीन रिकॉर्ड करने, अपलोड करने और ऑनलाइन प्रसारित करने पर रोक लगा दी है।
कोर्ट ने इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर्स और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को पाइरेटेड लिंक और उनकी मिरर साइट्स ब्लॉक करने के निर्देश दिए हैं। बता दें कि, फिल्म 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। रिलीज से ठीक पहले मिले इस अदालती आदेश से फिल्म के निर्माताओं को पाइरेसी के खिलाफ कानूनी सुरक्षा मिली है।
फिल्म के सीन लीक करने पर होगी कार्रवाई
बॉम्बे हाईकोर्ट ने सोमवार को गॉडपावर मीडिया प्राइवेट लिमिटेड की याचिका पर यह अंतरिम आदेश दिया। कंपनी ने फिल्म की स्क्रिप्ट, किरदारों, फुटेज, गीतों और रिकॉर्डिंग को कॉपीराइट उल्लंघन से बचाने की मांग की थी।
याचिका में आशंका जताई गई थी कि फिल्म के हिस्सों को चोरी-छिपे रिकॉर्ड कर डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर अपलोड और प्रसारित किया जा सकता है। कंपनी के मुताबिक, केवल आमंत्रित लोगों के लिए आयोजित प्रीव्यू स्क्रीनिंग के दौरान कड़ी गोपनीयता शर्तें लागू थीं। इसके बावजूद फिल्म के दो ट्रेलर चोरी-छिपे रिकॉर्ड कर डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित किए गए।
जस्टिस माधव जामदार की बेंच ने प्रथम दृष्टया माना कि फिल्म की रिकॉर्डिंग और उसके हिस्सों को विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित किए जाने की वास्तविक आशंका है।
पाइरेटेड लिंक और मिरर साइट्स होंगी ब्लॉक
कोर्ट ने अज्ञात व्यक्तियों यानी 'जॉन डो' के साथ संबंधित पक्षों को बिना लाइसेंस फिल्म की रिकॉर्डिंग, कॉपी, अपलोडिंग, डाउनलोडिंग, होस्टिंग और स्ट्रीमिंग करने से रोक दिया है।
इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर्स और टेलीकॉम कंपनियों को फिल्म की पाइरेटेड कॉपी वाले URL ब्लॉक करने के निर्देश दिए गए हैं। सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स को भी आपत्तिजनक वीडियो, पोस्ट, रील और अन्य सामग्री हटाने या उनकी पहुंच बंद करने के लिए कहा गया है।
कोर्ट ने गॉडपावर मीडिया को संबंधित लिंक की जानकारी प्लेटफॉर्म्स और इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर्स तक पहुंचाने का निर्देश दिया है, ताकि वे तत्काल कार्रवाई कर सकें। मामले की अगली सुनवाई 16 दिसंबर को होगी। तब तक अंतरिम सुरक्षा जारी रहेगी।
फिल्म के दोनों पार्ट का बजट 4 हजार करोड़ रुपए
याचिका में बताया गया कि फिल्म के पहले भाग के निर्माण पर करीब 2 हजार करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। वहीं दोनों भागों का कुल बजट करीब 4 हजार करोड़ रुपये बताया गया है। कंपनी ने इसी बड़े निवेश और संभावित कॉपीराइट उल्लंघन की आशंका को देखते हुए अदालत से सुरक्षा मांगी थी।
एडवांस बुकिंग में 96 करोड़ रुपये के पार पहुंची 'रामायण'
रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' की एडवांस बुकिंग में लगातार तेजी दर्ज की जा रही है। 4 नवंबर की सुबह तक सामने आए आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने पांच दिनों की एडवांस बुकिंग में करीब 96.56 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है।
सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, 7 बजे सुबह तक फिल्म के लिए करीब 25.65 लाख टिकटों की बुकिंग हो चुकी थी। यह बुकिंग 83 हजार से अधिक शोज के लिए दर्ज की गई। ब्लॉक सीटों को हटाने के बाद एडवांस बुकिंग का कलेक्शन करीब 77.31 करोड़ रुपये बताया गया है।