72nd National Film Awards: 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों का ऐलान, 'आर्टिकल 370' और 'श्रीकांत' समेत कई फिल्मों ने जीते अवार्ड्स
72nd National Film Awards: नई दिल्ली: सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। ये पुरस्कार वर्ष 2024 में रिलीज हुई फिल्मों और कलाकारों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिए गए हैं। इस बार फीचर और नॉन-फीचर दोनों श्रेणियों में कई फिल्मों, कलाकारों और तकनीकी विशेषज्ञों को सम्मान मिला।
फीचर फिल्मों में इनका रहा जलवा
हिंदी फिल्म 'आर्टिकल 370' को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला। वहीं राजकुमार राव अभिनीत फिल्म 'श्रीकांत' को भी फीचर फिल्म श्रेणी में बड़ा सम्मान मिला। यामी गौतम को 'आर्टिकल 370' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री चुना गया। सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार कार्तिक आर्यन को 'चंदू चैंपियन' और ममूटी को मलयालम फिल्म 'ब्रमायुगम' के लिए संयुक्त रूप से दिया गया।
तकनीकी और अन्य प्रमुख पुरस्कार
तमिल फिल्म 'अमरण' के लिए जी. वी. प्रकाश कुमार को सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशन का पुरस्कार मिला, जबकि हिंदी में शाश्वत सचदेव को 'आर्टिकल 370' के लिए सम्मानित किया गया। 'पुष्पा- द रूल' को सर्वश्रेष्ठ कॉस्ट्यूम डिज़ाइन, 'कल्कि 2898 एडी' को सर्वश्रेष्ठ प्रोडक्शन डिज़ाइन और सबसे लोकप्रिय फिल्म का पुरस्कार मिला। 'भूल भुलैया 3' को सर्वश्रेष्ठ साउंड डिज़ाइन तथा 'लकी भास्कर' को सर्वश्रेष्ठ स्क्रीनप्ले का पुरस्कार मिला। रणदीप हुड्डा को 'स्वातंत्र्यवीर सावरकर' के लिए सर्वश्रेष्ठ डेब्यू निर्देशक चुना गया।
नॉन-फीचर फिल्मों में भी कई सम्मान
डॉक्यूमेंट्री 'राम-नामी' को सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री का पुरस्कार मिला। 'मैं निदा', 'पिपलांतरी- ए टेल ऑफ इको फेमिनिज्म', 'टच्ड एज वाटर', 'स्टेचू ऑफ यूनिटी-एकता का प्रतीक', 'हमसफर' और 'ओबूर' सहित कई फिल्मों को अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया गया। जूरी सदस्य जयराज ने बताया कि 34 भाषाओं की करीब 400 फिल्मों का मूल्यांकन कर विजेताओं का चयन किया गया।