Durg News : कंटेनर वाहन की टक्कर से नेहरू नगर रेलवे अंडरब्रिज का स्ट्रक्चर गिरा, आवाजाही हुआ बंद...
Durg News : दुर्ग। नेहरू नगर रेलवे अंडरब्रिज में देर रात एक तेज गति से प्रवेश कर रहे कंटेनर वाहन की टक्कर से पूरा स्ट्रक्चर टूट कर गिर गया।
By : Rohit Banchhor
Update: 2024-07-31 02:56 GMT
Durg News : दुर्ग। नेहरू नगर रेलवे अंडरब्रिज में देर रात एक तेज गति से प्रवेश कर रहे कंटेनर वाहन की टक्कर से पूरा स्ट्रक्चर टूट कर गिर गया। घटना के कारण अंडरब्रिज का हाइट गेज बुरी तरह से ध्वस्त हो गया, जिससे अंडरब्रिज के दोनों ओर का रास्ता बंद हो गया है। घटना रात डेढ़ बजे हुई जब अंडरब्रिज से आवाजाही न के बराबर होती है, अन्यथा बड़ी जनहानि की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।
Durg News : बता दें कि कंटेनर वाहन रायपुर से प्लाईवुड लेकर हैदराबाद जा रहा था। इस दौरान कंटेनर को नेशनल हाईवे से सीधे जाना था, लेकिन चालक ने नेहरू नगर चौक से कंटेनर वाहन को रेलवे अंडरब्रिज से भिलाई टाउनशिप जाने वाले रास्ते की ओर मोड़ दिया। ऐसा माना जा रहा है कि चौक पर मवेशी को बचाने के चक्कर में तेज रफ्तार कंटेनर वाहन अनियंत्रित होकर अंडरब्रिज की ओर मुड़ गया और हाइट गेज से जा भिड़ा।
Durg News : घटना में हाइट गेज का मजबूत बेस वाला लोहे का पोल उखड़ गया और ऊपर की सीट भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही सुपेला थाना और ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। ट्रैफिक पुलिस ने क्रेन की मदद से कंटेनर वाहन को हटाया और अंडरब्रिज के दोनों ओर आवाजाही रोकने के लिए बैरिकेडिंग कर दी। नेहरू नगर से भिलाई टाउनशिप आने-जाने वालों को ओवरब्रिज के रास्ते का उपयोग करने की सलाह दी जा रही है।
Durg News : ट्रैफिक डीएसपी सतीश ठाकुर ने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। कंटेनर को क्रेन के माध्यम से बाहर निकालने के बाद सुपेला थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है।