DU Admission 2026: नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक (UG) प्रवेश के लिए छात्रों में काफी उत्साह है। विश्वविद्यालय के अनुसार, कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS) के पहले चरण में अब तक 1,42,733 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। वहीं, दूसरे चरण की शुरुआत के बाद 43,547 छात्र अपने पसंदीदा कॉलेज और कोर्स का चयन कर चुके हैं।

11 जुलाई तक भर सकते हैं पसंदीदा कॉलेज

विश्वविद्यालय ने बताया कि सीएसएएस का दूसरा चरण 3 जुलाई से शुरू हो चुका है। छात्र 11 जुलाई रात 11:59 बजे तक अपनी पसंद के कॉलेज और कोर्स का विकल्प भर सकते हैं। इस साल DU के 67 कॉलेजों में 73 यूजी कोर्स और 100 से ज्यादा बीए प्रोग्राम कॉम्बिनेशन के तहत 71 हजार से अधिक सीटों पर दाखिला होगा।

जानिए महत्वपूर्ण तारीखें

12 जुलाई को छात्रों की सिम्युलेटेड रैंक जारी होगी। इसके बाद 13 जुलाई तक वे अपनी पसंद में बदलाव कर सकेंगे। पहली सीट आवंटन सूची 16 जुलाई को आएगी। सीट मिलने पर 18 जुलाई तक उसे स्वीकार करना होगा। दूसरी सीट आवंटन सूची 25 जुलाई को जारी होगी, जबकि नया शैक्षणिक सत्र 28 जुलाई 2026 से शुरू होगा।

आवेदन शुल्क

सामान्य, ओबीसी-एनसीएल और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये है। वहीं, एससी, एसटी और दिव्यांग (PwBD) वर्ग के उम्मीदवारों के लिए यह शुल्क 100 रुपये रखा गया है। सभी दाखिले CUET UG 2026 के अंकों के आधार पर किए जाएंगे।

Tags: