भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के नए सेक्रेटरी बने देवजीत सैकिया, छत्तीसगढ़ के प्रभतेज सिंह भाटिया संभालेंगे कोषाध्यक्ष का पद
नई दिल्ली: पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज देवजीत सैकिया को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) का नया सचिव नियुक्त किया गया है। सैकिया ने आईसीसी के नए अध्यक्ष जय शाह की जगह यह पद संभाला है। यह नियुक्ति पहले से ही संभावित मानी जा रही थी, क्योंकि वह इस पद के लिए नामांकित एकमात्र उम्मीदवार थे। वहीं छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ (सीएससीएस) के पूर्व अध्यक्ष बलदेव सिंह भाटिया के बेटे प्रभतेज सिंह भाटिया कोषाध्यक्ष चुने गए हैं।
दोनों को निर्विरोध चुना गया, और यह निर्णय बीसीसीआई की विशेष आम बैठक (एसजीएम) में लिया गया। सैकिया, जो जय शाह के आईसीसी अध्यक्ष बनने के बाद बीसीसीआई के अंतरिम सचिव के रूप में कार्य कर रहे थे, अब औपचारिक रूप से सचिव का पद संभालेंगे। बीसीसीआई के संविधान के तहत, रिक्त पद को 45 दिनों के अंदर भरने का प्रावधान है, और सैकिया का चुनाव इसी प्रक्रिया का हिस्सा है।
भाटिया आशीष शेल्लार की जगह कोषाध्यक्ष बने हैं। देवजीत सैकिया एक पूर्व प्रथम श्रेणी क्रिकेटर हैं, जिन्होंने 1990-91 में चार मैच खेले थे। इसके बाद उन्होंने कानून की पढ़ाई की और गौहाटी हाई कोर्ट में वकील बने। 2016 में क्रिकेट प्रशासन में कदम रखने वाले सैकिया 2019 में असम क्रिकेट संघ के सचिव बने और 2022 में बीसीसीआई के संयुक्त सचिव बने थे।