Delhi fire incident: दिल्ली अग्निकांड में अब तक 21 लोगों की मौत, जान बचाने नीचे गद्दा रखकर तीसरी मंजिल से कूदे लोग, कई घायल

By :  Vpb
Update: 2026-06-03 09:24 GMT

Delhi fire incident: नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे शहर को झकझोर दिया। क्षेत्र स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट और उससे जुड़ी बहुमंजिला इमारत में लगी भीषण आग में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। दमकल विभाग और बचाव एजेंसियों ने संयुक्त अभियान चलाकर दर्जनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार सुबह करीब 8:51 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत कई दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। आग तेजी से फैलने के कारण बेसमेंट और इमारत के अन्य हिस्से धुएं से भर गए, जिससे कई लोग अंदर फंस गए। बचाव दल ने जोखिम उठाकर 47 लोगों को सुरक्षित निकाला, जबकि घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इमारत में सुरक्षा व्यवस्था अपर्याप्त थी और बाहर निकलने के लिए केवल एक सीढ़ी मौजूद थी। जान बचाने के लिए कई लोगों को ऊपरी मंजिलों से नीचे कूदना पड़ा। स्थानीय निवासियों ने नीचे गद्दे बिछाकर फंसे लोगों की मदद की और कई लोगों की जान बचाई।प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या रसोई उपकरण में तकनीकी खराबी माना जा रहा है, हालांकि अधिकारियों ने विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं। रेस्टोरेंट के लाइसेंस और फायर सेफ्टी मानकों की भी जांच की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों और घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

Tags:    

Similar News