Cricketer Dilip Doshi Passes Away: लंदन: भारतीय क्रिकेट के पूर्व दिग्गज स्पिनर दिलीप दोशी का 77 वर्ष की आयु में लंदन में निधन हो गया। हृदय संबंधी बीमारी के कारण उन्होंने अंतिम सांस ली। 1947 में जन्मे दोशी ने अपने शानदार क्रिकेट करियर और हिंदी कमेंट्री से लाखों प्रशंसकों का दिल जीता था। उनके निधन से क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

दोशी ने 33 टेस्ट मैचों में 114 विकेट हासिल किए, जिसमें छह बार पांच विकेट लेने का कारनामा शामिल है। 15 वनडे मैचों में उन्होंने 3.96 की किफायती इकॉनमी के साथ 22 विकेट लिए। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में दोशी का रिकॉर्ड और भी प्रभावशाली रहा, जहां उन्होंने 238 मैचों में 898 विकेट झटके, जिसमें 43 बार पांच विकेट और छह बार एक मैच में 10 विकेट शामिल हैं। उनकी आत्मकथा स्पिन पंच में उन्होंने अपने क्रिकेट सफर को बखूबी बयां किया है।

979 में 32 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले दोशी ने 1984 में संन्यास लिया। सौराष्ट्र क्रिकेट संघ ने उनके निधन पर शोक जताते हुए कहा, "दोशी ने कौशल और समर्पण की अमिट छाप छोड़ी।" हाल ही में बीसीसीआई ने उन्हें एक समारोह में सम्मानित किया था। दोशी इस महीने लॉर्ड्स में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के दौरान भी नजर आए थे।


बीसीसीआई ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा, "पूर्व भारतीय स्पिनर दिलीप दोशी के निधन से हम दुखी हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें।" दोशी अपने पीछे पत्नी कालिंदी, बेटा नयन और बेटी विशाखा को छोड़ गए हैं। नयन सरे और सौराष्ट्र के लिए काउंटी क्रिकेट खेल चुके हैं।

Tags: