नहीं रहे भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के महासचिव सीताराम येचुरी, लम्बे समय से चल रहे थे बीमार
By : Vpb
Update: 2024-09-12 07:03 GMT
नई दिल्ली: भारतीय राजनीति के प्रख्यात नेता और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के महासचिव सीताराम येचुरी का आज दिल्ली के एम्स अस्पताल में 72 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे और हाल ही में उन्हें गंभीर सांस संक्रमण की समस्या के चलते एम्स में भर्ती कराया गया था।
10 सितंबर को सीपीएम द्वारा जारी एक बयान में येचुरी की स्थिति को गंभीर बताया गया था। आज उनके निधन की खबर आते ही पूरे राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर फैल गई।
सीताराम येचुरी के निधन पर सीपीएम की छात्र इकाई एसएफआई (स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) ने गहरा शोक व्यक्त किया। एसएफआई ने उनके सम्मान में अपने बैनर को झुका लिया और कहा, "हमने अपने प्रिय और एसएफआई के पूर्व अध्यक्ष, सीपीआईएम के महासचिव सीताराम येचुरी को खो दिया है।"
भारतीय राजनीतिक परिदृश्य में सीताराम येचुरी का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उनका निधन वामपंथी राजनीति के लिए एक बड़ी क्षति है, और उनके विचारों ने लंबे समय तक भारतीय वामपंथी आंदोलन को दिशा और प्रेरणा दी।