रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को लेकर सीबीआई टीम कोर्ट पहुंची है। सौरभ को विशेष न्यायाधीश मनोज कुमार सिंह ठाकुर की कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस पेशी को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

कोर्ट रूम के बाहर भी पुलिस का कड़ा पहरा रहा। CBI उससे पूछताछ के लिए कस्टोडियल रिमांड मांग सकती है। करीब 6 हजार करोड़ रुपए के सट्टा घोटाले में आरोपी चंद्राकर को मंगलवार को CBI की टीम दिल्ली से फ्लाइट E6 2307 से रायपुर लेकर पहुंची थी।

CBI सौरभ को ओमान से प्रत्यर्पण के बाद भारत लेकर आई है। सोमवार को उसे दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया था। कोर्ट ने दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर उसे CBI को सौंपने का आदेश दिया था।



महादेव सट्टा ऐप की CBI कर रही जांच

बता दें कि महादेव सट्टा ऐप से जुड़े मामलों की जांच CBI कर रही है। छत्तीसगढ़ सरकार ने इस मामले से जुड़ी 13 FIR जांच के लिए CBI को सौंपी थीं। इनमें से 2 मामलों में चार्जशीट दाखिल हो चुकी है।

इसके अलावा ED भी मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच कर रही है और सौरभ के खिलाफ अभियोजन शिकायत दाखिल कर चुकी है।

Tags: