CG Liquor-Coal Levy Scam: कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर भेजे गए, जल्द आ सकती है फाइनल चार्जशीट
CG Liquor-Coal Levy Scam में कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल को 14 दिन की न्यायिक रिमांड। EOW-ACB की जांच अंतिम चरण में, नवंबर से पहले चार्जशीट की तैयारी।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कथित शराब और कोयला लेवी घोटाला मामले में कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल को बुधवार को ACB की विशेष अदालत में पेश किया गया। उन्हें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से न्यायाधीश सुमित कुमार की अदालत के समक्ष पेश किया गया।
सुनवाई के बाद कोर्ट ने रामगोपाल अग्रवाल को 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर भेजने का आदेश दिया।बता दें कि कोयला लेवी मामले में रामगोपाल अग्रवाल की ED रिमांड पहले से 29 तारीख तक है। ऐसे में दोनों मामलों में चल रही जांच के बीच उनकी न्यायिक प्रक्रिया महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
शराब घोटाले की जांच अंतिम चरण में
बता दें कि राज्य में शराब घोटाले से जुड़े मामले की जांच अब अंतिम चरण में है। EOW-ACB द्वारा मामले में वित्तीय लेनदेन, संपत्तियों और कथित तौर पर प्रभावशाली लोगों से जुड़े कनेक्शन की जांच की जा रही है।
जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर बिना गिरफ्तारी के बड़े नेताओं के नाम भी चार्जशीट में शामिल किए जाने की संभावनाजताई जा रही है। हालांकि, चार्जशीट में किस-किस के नाम शामिल होंगे, यह जांच पूरी होने और अभियोजन पक्ष द्वारा अदालत में दस्तावेज दाखिल किए जाने के बाद ही स्पष्ट होगा।
नवंबर से पहले दाखिल हो सकती है अंतिम चार्जशीट
सूत्रों के मुताबिक, EOW-ACB कथित शराब घोटाले की जांच को नवंबर से पहले पूरा कर अंतिम चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में है। जांच एजेंसी द्वारा मामले से जुड़े दस्तावेजों, वित्तीय लेनदेन और अन्य साक्ष्यों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।