रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित आयुर्वेद महासम्मेलन एवं सेवा महाकुंभ में बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान, देहदान और स्वास्थ्य संबंधी सामाजिक पहलों में भाग लिया।

आयोजन में एक ही स्थान पर 3 हजार से अधिक लोगों के रक्तदान किया। सेवा संकल्प अभियान की इस उपलब्धि को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया।

3 हजार से ज्यादा लोगों ने किया रक्तदान

रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित सेवा महाकुंभ में रक्तदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह नजर आया। आयोजन के दौरान एक ही जगह पर 3 हजार से अधिक लोगों के रक्तदान किया। खास बात यह रही कि रक्तदान करने वालों में 1 हजार से अधिक महिलाएं भी शामिल रहीं।

विधायक अनुज शर्मा और कलेक्टर गौरव सिंह ने लिया देहदान का संकल्प

सेवा महाकुंभ में बीजेपी विधायक अनुज शर्मा और रायपुर कलेक्टर डॉ.गौरव सिंह ने अपनी पत्नियों के साथ देहदान का संकल्प लिया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दोनों को इस पहल के लिए सम्मानित किया।



देहदान का संकल्प चिकित्सा शिक्षा और शोध के लिए भी महत्वपूर्ण माना जाता है। इसके जरिए मृत्यु के बाद शरीर को मेडिकल शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े कार्यों के लिए उपयोग किए जाने की व्यवस्था हो सकती है।

एक जगह मिल रहीं कई तरह की सेवाएं

सेवा महाकुंभ को केवल रक्तदान कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा गया। आयोजन स्थल पर स्वास्थ्य परीक्षण समेत कई सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

लोगों ने जरूरतमंद बच्चों और अन्य लोगों के लिए खिलौने और किताबें भी दान कीं। इन सामग्रियों को जरूरतमंदों तक पहुंचाने की व्यवस्था किए जाने की बात कही गई। इस आयोजन में रक्तदान, देहदान, स्वास्थ्य जागरूकता और जरूरतमंदों के लिए सामग्री दान जैसी अलग-अलग सामाजिक गतिविधियों में बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी सहभागिता निभाई।

Tags: