Raipur City News : रायपुर। नवरात्र के पावन पर्व पर रायपुर सेंट्रल जेल का माहौल भक्ति और आस्था के रंग में रंगा हुआ है। जिस परिसर में आम दिनों में पहरे और बंदिशों के बीच जिंदगी गुजरती है, वहां इन दिनों ढोलक-मंजीरों की थाप पर जसगीत गूंज रहे हैं और मां दुर्गा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। खास बात यह है कि जेल में बंद 760 बंदियों ने नौ दिनों का उपवास रखा है, जिनमें 52 महिला बंदी भी शामिल हैं।

नवरात्र के दौरान जेल परिसर में प्रतिदिन मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की जा रही है। बंदी पूरे श्रद्धाभाव से भजन-कीर्तन और जसगीतों में शामिल होकर माता की आराधना कर रहे हैं। ढोलक और मंजीरों की धुन के बीच गूंजते देवी गीत जेल की चारदीवारी के भीतर आस्था की अलग ही तस्वीर पेश कर रहे हैं।

आस्था के सहारे आत्मचिंतन का अवसर

नौ दिनों तक चलने वाला यह धार्मिक आयोजन बंदियों के लिए केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि आध्यात्मिक शांति और आत्मचिंतन का अवसर भी है। जीवन की कठिन परिस्थितियों के बीच मां दुर्गा की आराधना उन्हें अपनी आस्था से जुड़ने और सकारात्मकता का अनुभव करने का मौका दे रही है।

रायपुर सेंट्रल जेल में नवरात्र का यह दृश्य बताता है कि आस्था की अभिव्यक्ति चारदीवारी की सीमाओं में भी नहीं बंधती। ढोलक-मंजीरों की गूंज और माता के जयकारों के बीच यहां भी नवरात्र की परंपरा पूरे श्रद्धाभाव से निभाई जा रही है।

Tags: