Raipur City Crime : सूने मकान का शटर काटकर लाखों की चोरी, निगरानी बदमाश समेत दो आरोपी गिरफ्तार
पुरानी बस्ती में वारदात को दिया था अंजाम, सोने-चांदी के जेवरात, नगदी और बुलेट समेत करीब 3.50 लाख का माल बरामद
Raipur City Crime : रायपुर। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में सूने मकान का शटर काटकर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से करीब 3.50 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, प्रोफेसर कॉलोनी निवासी प्रार्थी 27 अगस्त को घर में ताला लगाकर बाहर गया था। 31 अगस्त को घर में काम करने वाली महिला ने शटर गेट कटा होने और सामान बिखरा होने की सूचना दी। इसके बाद 1 सितंबर को घर लौटकर जांच करने पर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात, चांदी की ईंट, सोने के सिक्के, चेन, ईयररिंग, नोजपिन, ब्रेसलेट, मोती का हार, मोबाइल फोन और अन्य सामान गायब मिले।
शिकायत के आधार पर पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके अलावा पूर्व में नकबजनी और चोरी के मामलों में शामिल आरोपियों की गतिविधियों पर भी नजर रखी गई।
इसी दौरान पुलिस को निगरानी बदमाश भूपेन्द्र पटेल उर्फ गजनी के घटना स्थल के आसपास संदिग्ध रूप से देखे जाने की जानकारी मिली। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने अपने साथी करण ताण्डी के साथ मिलकर चोरी की वारदात करना स्वीकार किया।
इसके बाद पुलिस ने करण ताण्डी को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, चांदी के सिक्के, नगदी और वारदात में इस्तेमाल बुलेट वाहन बरामद किया गया है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 3.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी भूपेन्द्र उर्फ गजनी पुरानी बस्ती थाने का निगरानी बदमाश है और उसके खिलाफ चोरी व नकबजनी के चार मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं, आरोपी करण ताण्डी भी चोरी और नकबजनी के दो मामलों में पूर्व में जेल जा चुका है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।