राज्योत्सव में आज ‘मैं अयोध्या हूं’ नाटक का मंचन, स्वास्ति मेहुल और सुनील सोनी की होगी प्रस्तुति; शिल्पग्राम में 11 कार्यक्रम
शाम 6 बजे होगा ‘मैं अयोध्या हूं’ का मंचन
रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के दूसरे दिन सोमवार को नवा रायपुर में संस्कृति और संगीत की रंगारंग शाम सजेगी। यहां एक ही मंच पर छत्तीसगढ़ की लोककलाओं से लेकर भारतीय शास्त्रीय नृत्य और संगीत की झलक देखने को मिलेगी। मुख्य आकर्षण ‘मैं अयोध्या हूं’ नाटक और मशहूर गायिका स्वास्ति मेहुल की पर्फोमन्स होगी। इसके अलावा शिल्पग्राम में पंडवानी, सुआ नृत्य, कथक और ओडिसी सहित 11 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विशेष समारोह में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
शाम 6 बजे होगा ‘मैं अयोध्या हूं’ का मंचन
राज्योत्सव के मुख्य मंच पर शाम 6 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे। शाम 6 से 7 बजे तक ‘मैं अयोध्या हूं’ नाटक का मंचन किया जाएगा। इसमें अयोध्या की ऐतिहासिक, धार्मिक और आध्यात्मिक विरासत को दिखाया जाएगा।
सुनील सोनी और स्वास्ति मेहुल की प्रस्तुति
शाम 7 से 8 बजे तक छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके बाद रात 8 बजे से प्रसिद्ध गायिका स्वास्ति मेहुल गीतों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।
शिल्पग्राम में दिखेंगी लोककलाओं की झलक
शिल्पग्राम में दोपहर 3 बजे से 11 सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। इनमें पंडवानी, सुआ नृत्य, ओडिसी, कथक, सूफी संगीत और गजल शामिल हैं। दुर्ग की पूजा निषाद पंडवानी, गरियाबंद की मिलवंतीन बाई सुआ नृत्य और बिलासपुर के अंकित निर्मलकर सूफी व गजल की प्रस्तुति देंगे।
कलाकारों को मिलेगा अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की कला और लोकपरंपराओं को पहचान दिलाने का अवसर है। इससे स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहन मिलेगा और नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ सकेगी।