रायपुर/बसना। महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र के पिताईपाली गांव में कथित तौर पर महुआ शराब पीने के बाद दो लोगों की जान चली गई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक दोनों ने गांव में ही महुआ शराब का सेवन किया था, जिसके बाद उनकी तबीयत अचानक तेजी से बिगड़ने लगी। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान 55 वर्षीय रामचरण चौधरी और 28 वर्षीय लेनदास के रूप में हुई है।

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार की शाम करीब 6 बजे दोनों गांव के तालाब के पास मंदिर के पास बैठे थे। इस दौरान उन्होंने शराब पीने की इच्छा जताई और देसी शराब दुकान की तरफ निकले, लेकिन वहां शराब नहीं मिलने पर उन्होंने गांव में ही उपलब्ध महुआ शराब खरीद ली और उसका सेवन किया।

तबीयत बिगड़ने और अस्पताल ले जाने के दौरान मौत

महुआ शराब पीने के बाद दोनों अपने घर पहुंचे और खाना खाने बैठे। इसी दौरान अचानक दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी। देखते ही देखते उनके मुंह से झाग निकलने लगा और वे बेहोश होकर गिर पड़े।

परिजनों ने तुरंत दोनों को अलग-अलग स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया। हालांकि, जब उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ, तो डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया। लेकिन दुर्भाग्यवश, रायपुर पहुंचने से पहले ही रास्ते में दोनों ने दम तोड़ दिया।

पुलिस जांच और अधिकारियों का बयान

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से शराब की बोतलें और सेवन में इस्तेमाल किए गए अन्य सामान को जब्त कर लिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार नायक ने बताया, "पिताईपाली गांव में दो लोगों की मौत का मामला सामने आया है। दोनों ने महुआ शराब का सेवन किया था, जिसके बाद तबीयत बिगड़ने से उनकी मौत हुई है। पुलिस ने मौके से बोतलें जब्त कर ली हैं और मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।"

पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह जहरीली शराब है या कोई अन्य कारण, इसकी पुख्ता पुष्टि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। इसके साथ ही, ग्रामीणों द्वारा उठाए गए अवैध शराब बिक्री के मामलों पर भी पुलिस ने पूछताछ तेज कर दी है।

Tags: