10वीं पास से ग्रेजुएट तक के युवाओं के लिए नौकरी का मौका, 36 कंपनियां 8,720 पदों पर करेंगी भर्ती, 8 अक्टूबर को चयनित युवाओं को मिलेंगे ऑफर लेटर
36 कंपनियां और प्लेसमेंट संस्थाएं शामिल
रायपुर: रायपुर में 7 और 8 अक्टूबर को राज्यस्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में लगने वाले मेले में 36 एम्प्लॉयर और प्लेसमेंट संस्थाओं के जरिए 8,720 पदों पर भर्ती होगी। इसमें छत्तीसगढ़ समेत गुजरात और अन्य राज्यों की कंपनियां शामिल हो रही हैं।
10वीं से ग्रेजुएशन तक युवाओं को मौका
मेले में 10वीं-12वीं पास, ITI, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट युवा आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन के बाद प्रदेश के अलग-अलग जिलों से अभ्यर्थी मेले में पहुंच रहे हैं। चयनित युवाओं को 8 अक्टूबर को ऑफर लेटर दिए जाएंगे।
ऑपरेटर से इंजीनियर तक पद
भर्ती में मशीन ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, इंजीनियर, क्वालिटी इंस्पेक्टर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, कंप्यूटर ऑपरेटर और कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव जैसे पद शामिल हैं। इसके अलावा नर्सिंग स्टाफ, सिक्योरिटी गार्ड, ड्राइवर, डिलीवरी बॉय और अप्रेंटिस के पद भी हैं।
टेक्निकल सेक्टर में सबसे ज्यादा वैकेंसी
उपलब्ध पदों में टेक्निकल और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में करीब 4,800, लॉजिस्टिक्स और ट्रांसपोर्ट में 1,600, सिक्योरिटी में 650 और हेल्थकेयर व केयर सर्विसेज में करीब 580 पद हैं।
कई बड़ी कंपनियां करेंगी भर्ती
मेले में क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, सतलज टेक्सटाइल्स, वर्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर, एयरटेल पेमेंट्स बैंक, इंस्टाकार्ट, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्र माइक्रोफिन, NIIT, AISECT और फर्स्ट फ्लाई कॉर्पोरेट समेत कई कंपनियां शामिल हैं।
ई-रोजगार पोर्टल से आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी ई-रोजगार पोर्टल पर उपलब्ध रिक्तियों को देखकर योग्यता और रुचि के अनुसार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल पर प्रोफाइल के आधार पर कंपनियां अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्टिंग और प्रारंभिक चयन भी कर सकेंगी।
उद्योगों से लगातार संपर्क
संचालक रोजगार एवं प्रशिक्षण हेमंत रमेश नंदनवार ने बताया कि अधिक रोजगार अवसर उपलब्ध कराने के लिए विभाग प्रमुख उद्योगों और नियोजकों से लगातार संपर्क कर रहा है। अब तक 36 नियोजकों से 8,720 रिक्तियों की जानकारी मिली है। कंपनियां मेले में भागीदारी के लिए 7999385638 और 7000397968 पर संपर्क कर सकती हैं।