Chhattisgarh Youth Congress Election: वोटिंग से पहले सत्येंद्र चेलक और शैलेंद्र बंजारे का नामांकन होल्ड, यूथ कांग्रेस में बवाल
Chhattisgarh Youth Congress Election: छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस चुनाव में प्रदेश अध्यक्ष पद के दावेदार सत्येंद्र चेलक और शैलेंद्र बंजारे का नामांकन होल्ड किया गया है।
रायपुर। Chhattisgarh Youth Congress Election: छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव के बीच प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनाव की वोटिंग से पहले दो प्रमुख दावेदार सत्येंद्र चेलक और शैलेंद्र बंजारे के नामांकन होल्ड किए गए हैं। दोनों नेताओं के नामांकन पर रोक की खबर के बाद युवा कांग्रेस के भीतर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
बताया जा रहा है कि नामांकन प्रक्रिया और स्क्रूटनी के बाद दोनों नेताओं के नाम प्रदेश अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदारों के तौर पर सामने आए थे। ऐसे में अब दोनों नामांकन होल्ड किए जाने से चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और नियमों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
किस वजह से होल्ड हुआ नामांकन?
जारी नोटिस के मुताबिक, चुनाव प्रक्रिया के दौरान यह संज्ञान में आया कि संबंधित दावेदारों द्वारा प्राइवेट एजेंसी के माध्यम से सदस्यता कराई गई है। नोटिस में इसे लागू चुनाव आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों के विपरीत बताया गया है।
इसी आधार पर चुनाव की निष्पक्षता और पारदर्शी प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए नामांकन को तत्काल प्रभाव से होल्ड करने की बात कही गई है। हालांकि, अंतिम कार्रवाई से पहले दोनों दावेदारों को अपना पक्ष रखने का मौका दिया गया है। दोनों नेताओं से 8 सितंबर की शाम 7 बजे तक लिखित स्पष्टीकरण देने को कहा गया है।
पहले भी नामांकन को लेकर सामने आया था विवाद
छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने के बाद से ही नामांकन और पात्रता को लेकर विवाद सामने आते रहे हैं। इससे पहले भी कुछ दावेदारों के नामांकन होल्ड किए जाने की जानकारी सामने आई थी।
वहीं, स्क्रूटनी के दौरान कुछ उम्मीदवारों के नामांकन निरस्त किए जाने की भी बात सामने आई थी। चुनाव प्रक्रिया को लेकर दावेदारों की ओर से शिकायतें किए जाने और उन पर सुनवाई होने की जानकारी भी सामने आई है।
30 अगस्त से शुरू हुआ ऑनलाइन चुनाव
बता दें कि छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस का संगठनात्मक चुनाव 30 अगस्त से शुरू हुआ है और 29 सितंबर तक ऑनलाइन प्रक्रिया के जरिए चलना है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत पात्र सदस्य प्रदेश अध्यक्ष समेत संगठन के विभिन्न पदों के लिए मतदान करेंगे। बताया गया है कि एक सदस्य को अलग-अलग संगठनात्मक पदों के लिए कुल छह वोट डालने की व्यवस्था की गई है।