Chhattisgarh Hockey League 2026: सीएम साय आज करेंगे शुभारंभ, स्टेडियम में एंट्री फ्री, जानें शेड्यूल और टीमों के नाम
Chhattisgarh Hockey League 2026 रायपुर में आज से छत्तीसगढ़ हॉकी लीग 2026 का भव्य आगाज! मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे उद्घाटन।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में हॉकी के महाकुंभ का आज 21 अक्टूबर से धमाकेदार आगाज होने जा रहा है। राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में 'छत्तीसगढ़ हॉकी लीग' का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शाम 5 बजे इस रोमांचक लीग का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। इस गरिमामयी कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा खड़से करेंगी।
इन दिग्गज नेताओं की रहेगी गरिमामयी मौजूदगी
उद्घाटन समारोह में खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए कई दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा के साथ-साथ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी विशेष रूप से शामिल होंगे।
6 टीमें और नामचीन फ्रेंचाइजी ले रही हैं हिस्सा
इस प्रतिष्ठित लीग में राज्य और देश की कुल 6 शीर्ष टीमें खिताब के लिए आपस में भिड़ेंगी। इन टीमों की बागडोर बड़े औद्योगिक घरानों और संस्थानों के पास है।
चक्रधर चैंपियंस:- (फ्रेंचाइजी: जिंदल स्टील)
न्यायधानी नाइट्स:- (फ्रेंचाइजी: एसईसीएल)
राजधानी रॉयल्स:- (फ्रेंचाइजी: बजरंग पावर एंड इस्पात)
मैनपाट टाइगर्स:- (फ्रेंचाइजी: छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल)
संस्कारधानी स्ट्राइकर्स:- (फ्रेंचाइजी: सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स)
बैलाडीला बुल्स:- (फ्रेंचाइजी: एनएमडीसी)
युवाओं को मिलेगा हुनर तराशने का मौका
इस लीग की सबसे बड़ी खूबी यह है कि इसमें देश के ओलंपियन और राष्ट्रीय स्तर के धुरंधर खिलाड़ियों के साथ छत्तीसगढ़ की माटी के प्रतिभावान युवा खिलाड़ी भी एक ही मैदान पर खेलते नजर आएंगे। इससे प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के दिग्गजों से सीखने और अपने खेल को निखारने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
दर्शकों के लिए एंट्री फ्री, रोजाना होंगे दो मुकाबले
हॉकी प्रेमियों के लिए एक अच्छी खबर यह है कि स्टेडियम में मैचों का लुत्फ उठाने के लिए दर्शकों का प्रवेश पूरी तरह से निःशुल्क (Free Entry) रहेगा। लीग के सभी मुकाबले इसी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले जाएंगे।
मैच का समय:- टूर्नामेंट के दौरान प्रतिदिन दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच शाम 5:30 बजे से और दूसरा मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होगा।
शेड्यूल:- उद्घाटन के बाद 22 अक्टूबर से 1 नवंबर तक लगातार मुकाबले खेले जाएंगे।
पहला दिन:- आज उद्घाटन के खास मौके पर महिला खिलाड़ियों के बीच एक रोमांचक प्रदर्शनी मैच भी खेला जाएगा।