CG News : बिलासपुर। जिले के रतनपुर में बिजली के टूटे तार की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। युवक मंदिर में पूजा करने जा रहा था, तभी रास्ते में सीसी रोड पर पड़ा करंट प्रवाहित एलटी तार उसकी मौत का कारण बन गया।

घटना रतनपुर के आठाबिसा तालाब के पास की बताई जा रही है। शुक्रवार रात ईश्वर अनंत उर्फ राजू वहां से गुजर रहा था। इसी दौरान सड़क पर टूटकर गिरे बिजली के तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से युवक बुरी तरह झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली का तार टूटकर सड़क पर गिरने के बावजूद समय रहते उसे हटाया या दुरुस्त नहीं किया गया। लोगों के मुताबिक, भेड़ीमुड़ा क्षेत्र के एक युवक की कुछ दिन पहले इसी जगह करंट की चपेट में आने से मौत हुई थी। दोबारा इसी क्षेत्र में हादसा होने से स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Tags: