CG News : NH-343 पर चलती XUV 700 में खतरनाक स्टंट, खिड़कियों से लटके युवक, 5 के खिलाफ FIR
वायरल वीडियो के आधार पर बलरामपुर कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, चालक सुनील गुप्ता समेत पांच युवकों पर BNS और मोटर यान अधिनियम के तहत केस दर्ज
CG News : बलरामपुर। सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने के लिए सड़क पर जान जोखिम में डालकर स्टंट करना अब युवकों को भारी पड़ गया। बलरामपुर जिले में NH-343 पर चलती XUV 700 से युवकों के खतरनाक स्टंट का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।
दरवाजे खोलकर चलती कार से लटके युवक
वायरल वीडियो में तेज रफ्तार XUV 700 में सवार युवक वाहन के दरवाजे और खिड़कियां खोलकर बाहर लटके नजर आ रहे हैं। वहीं, एक युवक कार के सनरूफ से बाहर निकलकर स्टंट करता दिखाई दे रहा है। वीडियो में युवक सड़क पर चलते वाहन के बीच इस तरह खतरनाक तरीके से स्टंट करते दिखे। बताया जा रहा है कि यह वीडियो 19 सितंबर का है। स्टंट के दौरान सड़क पर चल रहे अन्य वाहनों के लिए भी खतरा पैदा हो सकता था।
वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने शुरू की जांच
स्टंटबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद बलरामपुर कोतवाली पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया। पुलिस ने वीडियो के आधार पर वाहन की पहचान की और चालक सुनील गुप्ता समेत पांच युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 281 और मोटर यान अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की है। अब पुलिस वाहन और उसमें सवार युवकों से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।