CG News : मोबाइल का नेटवर्क गया तो गुस्से में तोड़ा फोन, फिर कीटनाशक पीकर महिला ने दी जान
नेटवर्क बंद होने से नाराज महिला ने पहले मोबाइल तोड़ा, फिर उठाया खौफनाक कदम; करतला थाना क्षेत्र के केराकछार गांव की घटना, इलाज के दौरान मौत
CG News : कोरबा। जिले के करतला थाना क्षेत्र के केराकछार गांव में एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मोबाइल पर रील देखते समय नेटवर्क चले जाने से नाराज महिला ने फोन पटक दिया और बाद में कीटनाशक का सेवन कर लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका की पहचान 52 वर्षीय मंगलो बाई के रूप में हुई है। बताया गया कि वह खाना खाते समय मोबाइल पर रील देख रही थी। इसी दौरान नेटवर्क चला गया, जिससे वह नाराज हो गई और मोबाइल को जमीन पर पटक दिया। इसके कुछ देर बाद उसने घर में रखा कीटनाशक पी लिया।
महिला की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। इस दौरान परिजनों ने गांव में चली आ रही एक पुरानी मान्यता के चलते उसे उल्टी कराने के लिए गोबर-पानी भी पिलाया। हालांकि उसकी हालत लगातार गंभीर होती गई।
परिजन मंगलो बाई को संजीवनी के जरिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया। गंभीर हालत के चलते इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक, अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर मामले में कार्रवाई दर्ज की गई है। प्रारंभिक बयान में मोबाइल नेटवर्क को लेकर नाराजगी के बाद महिला द्वारा कीटनाशक सेवन करने की बात सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।