CG News : रिहायशी इलाके में फिर दिखा तेंदुआ, CCTV में कैद हुई तस्वीर, 15 दिन में तीसरी घटना से दहशत में लोग
कवर्धा के मठपारा में रात 11 बजे CCTV में नजर आया तेंदुआ, लगातार sightings से बढ़ी लोगों की चिंता, वन विभाग अलर्ट।
CG News : कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा शहर में तेंदुए की मौजूदगी ने एक बार फिर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। शहर के मठपारा इलाके में रात के समय तेंदुआ घूमता दिखाई दिया। लकड़ी टाल के पास लगे CCTV कैमरे में कैद हुई उसकी तस्वीर सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, मठपारा में रात करीब 11 बजे तेंदुआ सड़क और रिहायशी इलाके के आसपास घूमता नजर आया। CCTV फुटेज में वह धीरे-धीरे आगे बढ़ता दिखाई देता है और फिर अंधेरे में ओझल हो जाता है। फुटेज सामने आने के बाद स्थानीय लोग सतर्क हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि कवर्धा शहर में पिछले 15 दिनों के भीतर तेंदुआ दिखने की यह तीसरी घटना है। इससे पहले शहर के एक निजी अस्पताल के बाथरूम में तेंदुआ घुस गया था। उस समय वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद उसका रेस्क्यू कर उसे जंगल में छोड़ा था।
लगातार रिहायशी इलाकों में तेंदुए की मौजूदगी से वन विभाग की चिंता बढ़ गई है। लोगों से रात में अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने, बच्चों पर विशेष ध्यान देने और तेंदुआ दिखने पर उससे दूरी बनाए रखने की अपील की गई है। साथ ही, तेंदुआ नजर आने पर उसके पास जाने या भीड़ जुटाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी गई है।