CG News : छत्तीसगढ़ में तेंदुओं का आतंक, धमतरी में 3 तो बस्तर बुडरा में 5 लोगों पर किया हमला
धमतरी के कारीपानी और कोंडागांव के बस्तर बुडरा में तेंदुए के हमले से 8 लोग घायल, गर्भवती महिला भी शामिल; एक युवक गंभीर हालत में कांकेर रेफर।
CG News : धमतरी/केशकाल। छत्तीसगढ़ के धमतरी और कोंडागांव जिले के ग्रामीण इलाकों में तेंदुए के हमलों से दहशत का माहौल है। धमतरी के कारीपानी गांव में तेंदुए ने घर में घुसकर तीन लोगों को घायल कर दिया, वहीं कोंडागांव जिले के बस्तर बुडरा गांव में तड़के मक्का छील रहे एक परिवार पर हमला कर दिया। दोनों घटनाओं में कुल आठ लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों में महिलाएं भी शामिल हैं, जबकि दोनों घटनाओं में कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कारीपानी में घर के भीतर घुसा तेंदुआ, तीन घायल
धमतरी जिले के कारीपानी गांव में एक महिला घर के बाहर बर्तन धो रही थी। इसी दौरान अचानक तेंदुआ वहां पहुंचा और घर में घुसकर तीन लोगों पर हमला कर दिया। हमले में तीनों घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी रेफर किया गया है। इधर, बहीगांव में भी सुबह तेंदुआ दिखाई देने की जानकारी मिली है। लगातार तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में भय बना हुआ है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
बस्तर बुडरा में अलसुबह परिवार पर हमला, पांच घायल
दूसरी घटना कोंडागांव जिले के अंतिम छोर पर स्थित बस्तर बुडरा गांव की है। जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 5 बजे परिवार के सदस्य घर के आंगन में आग जलाकर मक्का छील रहे थे। इसी दौरान तेंदुए ने हमला कर दिया। इस घटना में परिवार के मुखिया देवलाल वट्टी समेत पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। इनमें रमशीला मंडावी छह महीने की गर्भवती बताई जा रही हैं। सभी घायलों का विश्रामपुरी अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि गंभीर रूप से घायल एक युवक को बेहतर उपचार के लिए कांकेर रेफर किया गया है।
वन विभाग अलर्ट, ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह
दोनों घटनाओं के बाद ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल है। बस्तर बुडरा क्षेत्र में वन विभाग की टीम अलर्ट मोड पर है और ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है। तेंदुए की आवाजाही और हमलों ने जंगल से लगे गांवों में लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।