CG News : खारून नदी पार करना पड़ा भारी, तेज बहाव में बाइक समेत गिरा युवक, रेस्क्यू के बाद मिला शव
दुर्ग के ओदरागहन में एनीकेट पार करते समय बिगड़ा संतुलन, तेज बहाव में नदी में गिरा सुरेंद्र यादव; SDRF की टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाकर शव बरामद किया।
CG News : दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में खारून नदी पार करते समय एक युवक हादसे का शिकार हो गया। बाइक से एनीकेट पार करने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से वह नदी में गिर गया और डूब गया। कई घंटों की तलाश के बाद एसडीआरएफ की टीम ने युवक का शव बरामद किया। घटना रानितराई थाना क्षेत्र के पाटन अंतर्गत ओदरागहन की है। मृतक की पहचान धमतरी जिले के ग्राम तर्रागोंदी निवासी सुरेंद्र कुमार यादव के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, 17 सितंबर की शाम करीब 7 बजे सुरेंद्र बाइक से खारून नदी के एनीकेट को पार कर रहा था। इसी दौरान नदी का बहाव तेज होने के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह बाइक समेत नदी में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही रानितराई थाना पुलिस और एसडीआरएफ दुर्ग की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद डीप डाइवर्स की मदद से नदी में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने युवक का शव नदी से बाहर निकाला।
रेस्क्यू के बाद शव को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम समेत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।