CG News : होटल सुसाइड केस में बड़ा एक्शन, युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में प्रेमी गिरफ्तार
कवर्धा की 22 वर्षीय युवती की होटल में मौत के मामले में पुलिस की कार्रवाई, शादी से मुकरने और प्रताड़ित करने के आरोपों के बाद आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
CG News : धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में होटल के कमरे में 22 वर्षीय युवती की मौत के मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। मृतका की पहचान कवर्धा निवासी पिंकी मानिकपुरी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर शादी से मुकरने, मारपीट करने, प्रताड़ित करने और युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
शादी की बात पर हुआ विवाद, होटल में मिली युवती की लाश
यह मामला धमतरी के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, पिंकी मानिकपुरी और धमतरी के गोकुलपुर वार्ड नंबर 36 निवासी टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। आरोप है कि युवक ने युवती से शादी करने का वादा किया था, लेकिन उसके अन्य लड़कियों से भी संबंध होने की बात सामने आने के बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
बताया गया है कि पिंकी 24 सितंबर को कवर्धा से धमतरी पहुंची थी और होटल CG-05 के कमरा नंबर 106 में ठहरी थी। अगले दिन, 25 सितंबर की शाम को टिकेश्वर उससे मिलने होटल पहुंचा। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच शादी को लेकर बातचीत हुई, जो विवाद में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज और मारपीट भी हुई।
प्रताड़ना के आरोपों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस की जांच में युवती को पहले भी मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किए जाने के आरोप सामने आए हैं। घटना के दिन पिंकी ने होटल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की।
जांच और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया।
9 अक्टूबर को हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने 9 अक्टूबर को टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।