CG News : कन्या छात्रावास के बंद कमरे में मिला छात्रा का शव, जांच में जुटी पुलिस
कांकेर के दुर्गूकोंदल स्थित आवासीय विद्यालय की घटना, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य, मौत के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं
CG News : कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस कन्या आवासीय विद्यालय में 12वीं कक्षा की एक आदिवासी छात्रा का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। फिलहाल छात्रा की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है।
जानकारी के अनुसार, तुमरीसुर गांव की रहने वाली छात्रा पिछले छह वर्षों से छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रही थी। 23 अक्टूबर को तबीयत खराब होने पर उसके पिता उसे घर ले गए थे। 26 अक्टूबर को उसके मामा उसे वापस छात्रावास छोड़कर आए थे।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर छात्रा कक्षा में नहीं गई और अपने कमरे में ही रही। शाम करीब पांच बजे अन्य छात्राओं ने कमरे का दरवाजा बंद पाया। छात्रावास अधीक्षक को सूचना देने के बाद दरवाजा खोला गया, जहां छात्रा का शव पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला।
घटना की सूचना पर भानुप्रतापपुर के एसडीएम अनिकेत फडतरे सहित पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।पुलिस के अनुसार, छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।