CG News : बिलासपुर/कटघोरा। छत्तीसगढ़ में मंगलवार सुबह दो अलग-अलग जिलों में तालाब से शव मिलने के बाद हड़कंप मच गया। बिलासपुर में मुरूम खदान के तालाब से अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ, जबकि कोरबा के पाली क्षेत्र स्थित नवकोनिया तालाब में एक युवक की लाश तैरती मिली। दोनों मामलों में पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

बिलासपुर में मुरूम खदान के तालाब में मिली महिला की लाश

सकरी थाना क्षेत्र के पेंडारी स्थित मुरूम खदान के तालाब में ग्रामीणों ने एक महिला का शव पानी में तैरते देखा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। महिला की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

कोरबा में तालाब में तैरता मिला युवक का शव

दूसरी घटना कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र की है। मुख्य मार्ग के पास स्थित नवकोनिया तालाब में मंगलवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव पानी में तैरता मिला। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया।

शव से दुर्गंध आने के कारण पुलिस को आशंका है कि युवक की मौत करीब दो से तीन दिन पहले हुई होगी। हालांकि मौत कैसे हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

मौके पर मिली लावारिस बाइक, जांच में जुटी पुलिस

घटनास्थल के पास ही पुलिस को एक मोटरसाइकिल लावारिस हालत में मिली है। पुलिस को आशंका है कि यह बाइक मृतक की हो सकती है। फिलहाल बाइक के आधार पर भी मृतक की पहचान और घटना की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है।

पाली पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए आसपास के गांवों में सूचना प्रसारित कराई है। व्हाट्सऐप ग्रुप के अलावा मुनादी के जरिए भी जानकारी साझा की जा रही है। साथ ही जिले के अन्य थाना-चौकियों को भी मृतक के हुलिए और घटना की जानकारी भेजी गई है।

फिलहाल दोनों मामलों में मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस शवों की पहचान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।

Tags: