CG Ganesh Visarjan : रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश का असर अब गणेश विसर्जन की तैयारियों पर भी पड़ने लगा है। राजनांदगांव में गणेश झांकियों के आयोजन की तारीख बदल दी गई है, वहीं राजधानी रायपुर में भी निर्धारित तारीख में बदलाव की संभावना जताई जा रही है।

दरअसल, रायपुर में गणेश विसर्जन झांकियों के लिए प्रशासन ने पहले 27 सितंबर, रविवार की तारीख तय की थी। लेकिन लगातार बारिश के चलते गणेश समितियों की तैयारियों पर असर पड़ा है। ऐसे में अब रविवार की जगह 28 सितंबर, सोमवार को झांकियां निकाले जाने पर विचार किया जा सकता है।

राजनांदगांव में सर्वसम्मति से बदली तारीख

राजनांदगांव में पहले 25 सितंबर को गणेश विसर्जन झांकियां निकाली जानी थीं। तेज बारिश को देखते हुए करीब 35 झांकी समितियों के साथ बैठक की गई। बैठक में सर्वसम्मति से झांकियां एक दिन आगे बढ़ाकर 26 सितंबर को निकालने का निर्णय लिया गया।

राजनांदगांव एसपी अंकिता शर्मा के मुताबिक, लगातार हो रही तेज बारिश को देखते हुए झांकी समितियों के साथ चर्चा के बाद तारीख में बदलाव किया गया है। बैठक में झांकी समिति के पदाधिकारी, एएसपी और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

रायपुर में प्रशासन करेगा समितियों से चर्चा

राजनांदगांव में तारीख बदलने की सूचना रायपुर पुलिस प्रशासन तक पहुंच गई है। रायपुर कमिश्नरेट मध्य जोन के DCP तारकेश्वर पटेल ने बताया कि राजनांदगांव में झांकी विसर्जन की तारीख बदलने की जानकारी मिली है और वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि रायपुर में फिलहाल तारीख परिवर्तन को लेकर कोई आधिकारिक निर्णय नहीं हुआ है। गणेश झांकी समितियों के साथ बैठक कर मौसम और अन्य व्यवस्थाओं को देखते हुए आगे निर्णय लिया जाएगा।

ऐसे में राजधानी में भी गणेश विसर्जन झांकी की तारीख 27 सितंबर से 28 सितंबर किए जाने की संभावना बनी हुई है। अंतिम फैसला प्रशासन और झांकी समितियों की बैठक के बाद होगा।

Tags: