CG Crime : रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में 16 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले में कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो युवकों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। किशोर का शव रामभांठा स्थित पुराने बस डिपो के पास एक खाली प्लॉट में मिला था। पुलिस की जांच में हत्या के पीछे एक युवती को लेकर विवाद सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, 14 सितंबर की रात किशोर चक्रधर समारोह देखने जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन पुलिस को पुराने बस डिपो के पास एक खाली प्लॉट में किशोर का शव पड़ा होने की सूचना मिली। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास पूछताछ के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि किशोर को आखिरी बार दो युवकों के साथ देखा गया था।

इसके बाद पुलिस ने 20 वर्षीय शिवम बरेठ और 23 वर्षीय शिवम बानी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों की भूमिका सामने आई।

पुलिस के अनुसार, शिवम बानी का एक स्थानीय युवती के प्रति एकतरफा लगाव था और किशोर का भी उस युवती से मेलजोल था। आरोप है कि इसी बात को लेकर किशोर को बुलाकर दोनों युवकों ने पुराने बस डिपो के पास उससे विवाद किया।

पुलिस का दावा है कि विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने किशोर के सिर पर पत्थर से कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर किशोर का मोबाइल और रक्तरंजित कपड़े बरामद किए हैं। इसके साथ ही पुलिस ने घटनास्थल पर क्राइम सीन रिकंस्ट्रक्शन कर अन्य साक्ष्य जुटाए।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले में आगे की विवेचना जारी है। पुलिस ने बताया कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

Tags: