CG Crime : सरगुजा। जिले में दशहरे की रात घरेलू विवाद के दौरान एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम केपी में एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी को लोहे के पाइप और लकड़ी के डंडे से बेरहमी से पीटने और बाद में उसके सिर पर एस्बेस्टस शीट पटकने का आरोप है। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौत हो गई। घटना के बाद फरार हुए आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 20 अक्टूबर 2026 की रात की है। ग्राम केपी में बसंत गिरी के घर के सामने डीजे पर नाच-गाना चल रहा था। इसी कार्यक्रम में केपी बाबापारा निवासी आलोक गिरी (36 वर्ष) अपनी पत्नी मानमती (32 वर्ष) के साथ पहुंचा था। नाचने के दौरान किसी घरेलू बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और आरोपी ने कार्यक्रम स्थल पर ही पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि विवाद के बाद दोनों अपने घर के सामने पहुंचे, जहां आलोक गिरी ने पत्नी पर लोहे के पाइप और लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान मानमती गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। इसके बाद आरोपी ने उसके सिर पर एस्बेस्टस शीट पटक दी। गंभीर चोटों के चलते महिला की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी अखिलेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुरुआती पूछताछ में परिजनों ने पुलिस को बताया कि आरोपी कथित तौर पर शराब के नशे में पहले भी पत्नी के साथ मारपीट करता था और घर में अक्सर विवाद होता था।

महिला की हत्या के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और संभावित ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस के अनुसार, आलोक गिरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। 

Tags: