CG Crime : दोहरा हत्याकांड की गुत्थी सुलझी, पैसे के लेन-देन को लेकर शराब में सुहागा मिलाकर पिलाया, आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा में दो लोगों की मौत के मामले में पुलिस का खुलासा, 10 लाख रुपये की उधारी के विवाद में जहरीला पदार्थ मिलाकर शराब पिलाने का आरोप।
CG Crime : जांजगीर-चांपा। जिले में दो लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, उधार की रकम लौटाने के दबाव से परेशान एक व्यक्ति ने शराब में सुहागा मिलाकर दो लोगों को पिला दिया। शराब पीने के बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने राजा उर्फ कमलनाथ खरे को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 23 अक्टूबर की रात ग्राम कुटराबोड़ हेलीपैड के पास एक चखना दुकान के नजदीक हुई। ग्राम पनगांव निवासी जोहित खरे और ग्राम नेवराबंद निवासी रामखिलावन जांगड़े ने शराब पी थी। इसके बाद दोनों की हालत गंभीर हो गई। उन्हें बिलासपुर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां 24 अक्टूबर को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पामगढ़ पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में जहरीले पदार्थ की आशंका सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
10 लाख रुपये की उधारी बना विवाद की वजह
मृतक जोहित खरे की बेटी मनीषा खरे ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि राजा उर्फ कमलनाथ खरे ने करीब चार महीने पहले घरेलू जरूरतों के लिए उनके पिता से 10 लाख रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि रकम लौटाने के लिए दिए गए 5.50 लाख और 6 लाख रुपये के दोनों चेक बैंक में जमा करने पर बाउंस हो गए। शिकायत के मुताबिक, 23 अक्टूबर को जोहित खरे ने फोन कर राजा से उधार की रकम वापस मांगी थी। इस पर राजा ने शाम को मिलने और पैसे लौटाने की बात कही।
शराब में सुहागा मिलाकर पिलाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, हिरासत में पूछताछ के दौरान राजा ने बताया कि उसने मुकेश कश्यप से इम्पीरियल ब्लू शराब के तीन क्वार्टर मंगवाए थे। इसके बाद राजा और मुकेश ने शराब पी। फिर जोहित खरे और रामखिलावन जांगड़े को फोन कर कुटराबोड़ हेलीपैड के पास बुलाया गया। पुलिस का आरोप है कि दोनों के पहुंचने पर राजा ने मुकेश से छिपाकर रखे सुहागा को शराब में मिलाया और वह क्वार्टर दोनों को पीने के लिए दे दिया। शराब पीने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। पुलिस के अनुसार, मौके पर पुलिस की गाड़ी देखकर मुकेश कश्यप वहां से भाग गया।
ट्रेडिंग में नुकसान के बाद बनाई योजना
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि ट्रेडिंग में नुकसान होने के कारण वह आर्थिक परेशानी से गुजर रहा था। वहीं, जोहित खरे लगातार उधार की रकम वापस मांग रहा था। पुलिस का दावा है कि इसी दबाव से परेशान होकर आरोपी ने जोहित को जहर देकर मारने की योजना बनाई, लेकिन इस घटना में रामखिलावन जांगड़े की भी मौत हो गई। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल के पास से शराब की खाली बोतल और सुहागा की पुड़िया जब्त की है।
पामगढ़ पुलिस ने मनीषा खरे की लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर राजा उर्फ कमलनाथ खरे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की ओर से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है। जब्त सामग्री और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे जांच जारी है।