CG Crime : रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरबिरा गांव में हुए बुजुर्ग दंपति के दोहरे हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने वारदात के करीब 48 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को संदेह था कि करीब एक साल पहले उसकी मां की मौत के पीछे जादू-टोना था और इसके लिए बुजुर्ग दंपति जिम्मेदार थे। इसी शक के चलते उसने दोनों की हत्या कर दी।

टंगिया और हंसिया से किया हमला

पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रमोद उर्फ रॉकी साहू (22) ने 6 अक्टूबर की रात बिरबिरा गांव में सदाशी साहू और उनकी पत्नी आसबती साहू के घर में घुसकर उन पर धारदार हथियारों से हमला किया। हमले में दोनों की मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर से सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गया।

मां की मौत को लेकर था शक

जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी अपनी मां की करीब एक साल पहले हुई मौत को लेकर बुजुर्ग दंपति पर संदेह करता था। उसे लगता था कि जादू-टोने के कारण उसकी मां की मौत हुई है। पुलिस के मुताबिक, इसी शक के चलते उसने इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया।

हथियार, खून लगी जींस और जेवरात बरामद

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल टंगिया और हंसिया, खून लगी जींस तथा लूटे गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि मामले का खुलासा 48 घंटे के भीतर कर लिया गया है।

आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया

रायपुर ग्रामीण पुलिस ने आरोपी प्रमोद उर्फ रॉकी साहू को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में पुलिस की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है। इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया था।

Tags: