CG Crime : इनोवा में छिपाकर ले जा रहे थे 132 किलो गांजा, पुलिस-ANTF ने दो तस्करों को दबोचा
ओडिशा से पुणे ले जाया जा रहा था गांजा, नाकाबंदी कर बसना थाना क्षेत्र में 81.20 लाख का माल जब्त, दोनों आरोपी गिरफ्तार
CG Crime : महासमुंद। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है। बसना थाना क्षेत्र में टीम ने इनोवा कार से 132 किलो गांजा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा, वाहन और मोबाइल फोन समेत कुल माल की अनुमानित कीमत 81.20 लाख रुपये बताई गई है।
ओडिशा से महाराष्ट्र ले जा रहे थे गांजा
पुलिस के अनुसार, संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से गांजा से भरी एक इनोवा कार छत्तीसगढ़ की सीमा से गुजरने वाली है। सूचना के आधार पर टीम ने इलाके में नाकाबंदी कर इनोवा कार क्रमांक MH 04 GM 8841 को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखा गया 132 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने कार सवार दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुणे के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गणेश बाजे (42), निवासी पिपलवंडी, जिला पुणे और विपुल भालेराव (36), निवासी कलंब, जिला पुणे, महाराष्ट्र के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के तुमुड़ीबंध, कंधमाल से लेकर पुणे ले जाने की बात बताई है।
81.20 लाख का माल जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 132 किलो गांजा, इनोवा कार और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 81 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।