CG Accident : ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार मासूम की मौत, पिता के साथ पैरेंट्स मीटिंग से लौट रही थी घर
सूरजपुर के केशवनगर में हादसा, ट्रैक्टर के पिछले पहिए के नीचे आई 13 वर्षीय रिद्धिमा, मौके पर तोड़ा दम
CG Accident : सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 13 वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। बच्ची अपने पिता के साथ स्कूल की पैरेंट्स मीटिंग से बाइक पर घर लौट रही थी। इसी दौरान गिट्टी से लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से उसकी जान चली गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिला मुख्यालय के नवापारा निवासी पंकज जैन अपनी बेटी रिद्धिमा के साथ पैरेंट्स मीटिंग में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। पिता-पुत्री की बाइक और गिट्टी से लदा ट्रैक्टर बिश्रामपुर से सूरजपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बिश्रामपुर थाना क्षेत्र के केशवनगर के पास ट्रैक्टर चालक ने अचानक वाहन मोड़ दिया।
अचानक हुई इस घटना से बाइक सवार संतुलन खो बैठे और रिद्धिमा ट्रैक्टर की चपेट में आ गई। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर का पिछला पहिया बच्ची के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले में पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।